भुरभुरी पुल के मरम्मत का टेंडर अप्रैल में होगा
दुमका-भागलपुर सड़क पर क्षतिग्रस्त भुरभुरी पुल की जांच के बाद पथ निर्माण विभाग ने पुल की मरम्मत के अलावा एक नया पुल बनाने की ज़रुरत महसूस किया है। पथ निर्माण विभाग के चीफ इंजीनियर जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में तकनीकी विशेषज्ञों की टीम क्षतिग्रस्त पुल की जांच कर रांची लौटी है।
दुमका के अधीक्षण अभियंता संजय सिन्हा सहित कई अधिकारी रांची में कैंप कर रहे हैं। पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री सिन्हा ने दूरभाष पर बताया कि क्षतिग्रस्त भुरभुरी पुल के मरम्मत का टेंडर अप्रैल माह तक निकाल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जून माह तक भुरभुरी पुल का मरम्मत कर आवागमन चालू कर दिए जाने का लक्ष्य रखा गया है। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि भुरभुरी पुल के मरम्मत के साथ ही पथ निर्माण विभाग सरकार को नया पुल का भी प्रस्ताव देने जा रहा है।
जिस दुमका-भागलपुर हाइवे पर जामा क्षेत्र में भुरभुरी नदी पर यह पुल है,उस सड़क की चौड़ाई 10 मीटर है जबकि भुरभुरी पुल की चौड़ाई 6 मीटर ही है। इस स्थिति में बेहतर आवागमन के लिए सड़क की चौड़ाई के अनुरुप चौड़ी पुल का भी निर्माण की ज़रुरत है। नया पुल के लिए पथ निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर सरकार की सहमति मिलने पर पुल का डीपीआर बनाया जाएगा। तत्काल पथ निर्माण विभाग क्षतिग्रस्त भुरभुरी पुल के मरम्मत के लिए टेंडर निकालने की प्रक्रिया पूरी करने में जुटा है। बता दें कि भुरभुरी पुल के एक स्पेन के क्षतिग्रस्त हो जाने के बाद 29 फरवरी से पुल पर चार पहिया वाहनों के आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।