पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Jamtara News Cold Returned From Unseasonal Rains Minimum Mercury Reached 17 Degrees 62 Mm Rain In A Day

बेमौसम बारिश से लौटी ठंड, न्यूनतम पारा 17 डिग्री पहुंचा, दिनभर में 6.2 एमएम हुई बारिश

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला मुख्यालय सहित विभिन्न क्षेत्रों में शुक्रवार की रात व शनिवार को दिन भर रुक- रुककर बारिश हुई। जिससे लोगाें को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शनिवार की दोपहर 1 बजे से बारिश होना शुरू हुई, जो देर शाम तक रुक-रुक कर होती रही। ऐसे में लोगांे को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा। बेमौसम बारिश से लोग हलकान हो उठे। जो जहां था वहीं वर्षा से बचने के प्रयास में लगा था। लोग वर्षा से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

इधर बेमौसम बारिश के कारण जाम नालियों में वर्षा का पानी भरने की वजह से नाली का पानी सड़क पर बहने लगा। नाली का गंदा पानी इधर-उधर बहते देखा गया। लोग इससे परेशान दिखे। ऐसे में इन स्थानों से लोगों के लिए पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। वाहन चालकों के इन
स्थानों से गुजरने पर पास से गंदा पानी का छीटा पड़ने से बचने के लिए लोग बचते बचाते वहां से गुजरते देखे गए।

विगत एक पखवारे से मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। दो तीन दिन से लगातार कड़ी धूप निकल रहा था और उसके बाद अचानक आसमान में बादल छा रहा था और कभी कभी हल्की बारिश हो रही थी। इस तरह के मौसम के रंग बदलने से लोग परेशान है। बेमौसम बारिश के साथ शीतलहरी ने ठिठुरन बढ़ा दी। शुक्रवार रात व शनिवार सुबह से ही लगातार बारिश हो रही है। लगातार बारिश से जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। जिला में सर्वाधिक बारिश जामताड़ा प्रखंड में दर्ज किया गया है। जामताड़ा में शुक्रवार सुबह तक 16 एमएम बारिश दर्ज किया गया है। जबकि नारायणपुर प्रखंड में 8.6 एमएम बारिश दर्ज किया गया है। करमाटांड़ में 4.6 एमएम, कुंडहित प्रखंड में 2 एमएम व फतेहपुर प्रखंड में 1 एमएम व नाला में 4.1 एमएम बारिश दर्ज किया गया है। जिले में 6.2 एमएम बारिश दर्ज किया गया है।

बारिश के कारण शाम को लोगों को गर्म कपड़े पहनकर निकलना पड़ रहा है। इसके अलावे जगह जगह लोग अलाव जलाकर बैठे भी देखे गए। सड़कों पर जल जमाव हो जाने से लोगों को पैदल चलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार को जामताड़ा का अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहा जबकि न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा।

बारिश से रबी फसलों पर संकट, किसान चिंतित

बेमौसम बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बारिश के कारण फसलों की पैदावार प्रभावित होने से किसानों में हताशा देखने को मिली है। किसान बरकत अंसारी, विनाेद महताे सहित अन्य ने बताया कि पहले खरीफ फसल में धान की पैदावार बारिश से प्रभावित हुई। बारिश के कारण काफी मात्रा में धान की फसल की कटनी व दवनी का भी मौका नहीं मिला। अब रबी फसल में दलहनी व सरसों जैसी तिलहनी फसलों की अच्छी पैदावार पर ग्रहण लग गया है। मंहगे भाव में बीज लेकर इन फसलों की बुआई की गई। लेकिन कई चरण में बारिश से इन फसलों की अच्छी उपज मिलने की उम्मीद नहीं रह गई है। कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक संजीव कुमार के अनुसार गेहूं व गरमा मूंग की खेती के लिए यह पानी लाभकारी साबित होगी। उन्होंने किसान से अपील किया कि किसान खेत तैयार कर ले और समय रहते मूंग की खेती करें। संजीव कुमार ने कहा कि तेज हवा नहीं चलने के कारण फसल को अधिक नुकसान होने की उम्मीद नहीं है।

बारिश ने नगर निगम की खाेली पाेल

मौसम विज्ञान केंद्र की माने तो 15 मार्च तक मौसम में तब्दीली के कोई आसार नहीं है। इस दौरान कई स्थानों पर तेज हवा के साथ जोरदार बारिश होने, गर्जन के साथ हल्के दर्जे की बारिश होने की संभावना है। 16,17 मार्च को मौसम शुष्क रहेगा लेकिन 18,19 मार्च को एक बार फिर आसमान में काली घटा छाएगी और कई स्थानों पर तेज हवा के साथ जोरदार बारिश होने, गर्जन के साथ हल्के दर्जे की बारिश भी होगी। इधर बारिश ने नगर निगम प्रशासन की पोल खोल कर रख दी। नालियों के जाम होने व पानी से भर जाने के कारण उसका पानी कचरों के साथ सड़क पर आ गया। इससे शहर के कई सड़कों पर नालियों का कचरा पट गया।

बारिश को लेकर डीसी ने जारी किया अलर्ट

जामताड़ा | जिले में हो रही बारिश को लेकर जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। डीसी गणेश कुमार ने सभी बीडीओ, सीओ, विद्युत कार्यपालक अभियंता एवं सिविल सर्जन को क्षेत्र में मुस्तैद रहने का निर्देश दिया है। कहा कि झारखंड राज्य सहित आस पास के राज्यों में बादल गर्जन व बिजली कड़कने की संभावना है। ऐसे में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना भी व्यक्त की जा रही है। विगत कुछ घंटो से जामताड़ा जिले में रुक-रुक कर लगातार बारिश हो रही है। लगातार हो रही बारिश से कच्चे मकानों, बिजली के पोल-तार तथा पेड़ों के गिरने से जान व माल की क्षति भी हो सकती है। इस आलोक में डीसी गणेश कुमार पदाधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी बीडीओ, सीओ सहित जिला स्तरीय पदाधिकारियाें को भी अलर्ट किया है। वहीं डीसी ने लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। विशेष स्थिति में ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया गया है।

सड़काें पर जलजमाव से हुई लोगों को परेशानी

बेमौसम बारिश से सड़कों व गलियों में जल जमाव के कारण आवागमन में परेशानी की समस्या भी पैदा हो गई है। शुक्रवार की रात व शनिवार दिनभर बारिश होती रही। इससे शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के कई सड़कों में जलजमाव का दृश्य नजर आया। कच्ची पक्की सभी ग्रामीण सड़कों में यह स्थिति देखने को मिली है। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कच्ची सड़कों पर लोगों को चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

समाहरणालय परिसर में बारिश का नाजारा।
खबरें और भी हैं...