समय सीमा निर्धारित नहीं होने से कम पेंशन मिलने की शिकायत
अपनी समस्या को लेकर जामताड़ा महाविद्यालय के कई सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं कार्यरत कर्मी ने शनिवार को स्थानीय विधायक सह विधानसभा अध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो के बड़वा स्थित आवास में मुलाकात की। मौके पर उन्हें एक आवेदन सौंपा। आवेदन सौंपते हुए कहा कि दस वर्ष सेवा पूर्ण होने के बाद टाईम बांड दिए जाने का विभागीय प्रावधान है, लेकिन संबंधित कर्मी इस तरह के लाभ से अबतक वंचित रह गए हैं। इस सुविधा को पाने लिए आवश्यक कागजात विश्वविद्यालय से अनुशंसा कराकर मानव संसाधन विकास मंत्रालय को पूर्व में भेजा गया है, लेकिन स्थिति यथावत बनी हुई है।
इस मौके पर राणा प्रताप सिंह ने कहा कि टाईम बांड नहीं दिए जाने के कारण सेवानिवृत्त के बाद जो पेंशन दिया जा रहा है, वह काफी कम है, जिससे जीवन निर्वाह करने के लिए आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में विधानसभाध्यक्ष ने कर्मियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाएगा। बताया कि इस संबंध में एचआरडी से संपर्क कर समस्या हल कर दिया जाएगा। इस अवसर पर महेन्द्र, राणा प्रताप सिंह, मधुसूदन आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।