आर्थिक रुप से पिछड़े बच्चों की होगी मदद: रवींद्र
जामताड़ा शहर में उत्थान शैक्षणिक संस्थान का शुभारंभ झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली बच्चों क्रमशः दिया रश्मि एवं खुशी सिन्हा द्वारा सरस्वती वंदना से किया गया। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को संस्थान के निदेशक अरूप कुमार मित्रा ने बुके शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
संस्थान के निदेशक ने अतिथियों के सम्मान में स्वागत भाषण देते हुए संस्थान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो ने कहा कि शैक्षणिक रूप से पिछड़े जिले में शुमार जामताड़ा जिले के अधिकतर प्रतिभाशाली बच्चे प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद मेडिकल, इंजीनियरिंग व अन्य क्षेत्रों में अपना कॅरियर आर्थिक अभाव के कारण नहीं कर पाते हैं। उत्थान शैक्षणिक संस्थान के कुशल शिक्षक एक अच्छे मार्गदर्शक के रूप में जिले में छिपी प्रतिभा को निखारने का बेहतर प्रयास करेगी और यहां के प्रतिभाशाली बच्चे भी आगामी दिनों में इस संस्थान से बेहतरीन शिक्षा प्राप्त कर मेडिकल इंजीनियरिंग व अन्य क्षेत्रों में कैरियर बनाकर जिले एवं राज्य का नाम रोशन करेंगे। इस क्रम में उन्होंने उत्थान के निदेशक से कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर किंतु मेधावी बच्चों पर विशेष ध्यान रखें। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिले के उपायुक्त गणेश कुमार ने उत्थान शिक्षण संस्थान द्वारा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कराने को लेकर संस्थान के प्रयास की तारीफ की और संस्थान के उज्जवल भविष्य की कामना की। ताकि यहां सफलता मिलने के बाद वे जिले का नाम रोशन कर सकें।
कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय जामताड़ा के वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश चंद्र चौधरी ने उत्थान शैक्षणिक संस्थान के विजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में संस्थान के अधिक से अधिक बच्चे विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर संस्थान को गौरवान्वित करेंगे।
कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन शिक्षाविद प्रदीप भैया ने किया। जबकि कार्यक्रम का संचालन सत्य प्रकाश कात्यायन ने किया। मौके पर राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक सुनील बास्की, दुर्गादास भंडारी, चंचल भंडारी, रविंद्रनाथ दुबे, अशोक मंडल, आनंद टुडू, मुक्ता मंडल, कालीचरण सरखेल, संजय अग्रवाल, दीनबंधु सिंह, दीपक दुबे, नितेश सेन, मुन्ना मुखर्जी, राजा पाल, भावेश कुमार, सहित अन्य मौजूद थे।
फीता काटकर उद्घाटन करते स्पीकर