- Hindi News
- National
- Jamtara News Heli Khele Raghuveera In Awadh Like You Will Dance On The Lyrics
हाेली खेले रघुवीरा अवध में... जैसी गीताें पर झूम लाेग
जिले में रंग और उमंग के पर्व होली शांतिपूर्ण वातावरण में मनाई गई। होली के अवसर पर जिला मुख्यालय और प्रखंडों में जमकर रंग गुलाल उड़े। होली खेले रघुवीरा अवध में, आज न छोड़ेंगे खेलेंगे हम होली, रंग बरसे भीगे चुनरवाली जैसे गीतों की धून पर जगह-जगह युवाओं की टोली रंग गुलेल के साथ झूमते व थिरकते दिखे। होली के दिन मौसम का मिजाज भी ठीक रहा। दिन के करीब 9 बजते ही शहर के विभिन्न चौक चौराहों सहित अन्य इलाकों में रंगों से सराबोर शहरवासियों की भीड़ जुटने लगी थी। होली गीतों की धून पर झूमते थिरकते हुए और होली है का आवाज लगाते हुए लोगों ने आसपास के क्षेत्रों का परिभ्रमण किया और मित्रों परिजनों को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। दोपहर बाद शहर के विभिन्न मोहल्लों में महिलाओं की टोली निकली, उन्होंने भी जमकर एक दूसरे को रंग लगाया और गीतों की धून पर नृत्य किया। संध्या समय अबीर गुलाल का दौर चला। लोग अपने मित्रों और परिजनों के यहां गए तथा अबीर गुलाल लगाकर उन्हें पर्व की शुभकामनाएं दी। बड़े बुजुर्गों को प्रणाम कर उनसे आशीर्वाद भी लिया। इसके पूर्व स्थानीय गांधी मैदान में होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गांधी मैदान में पंडित ने होलिका दहन की पूजा कराया और बाद में लोगों ने होलिका दहन किया। होली के दिन लोगों ने जमकर पुआ और पकवान का भी भरपूर आनंद लिया। डीजे की धुन पर बजते होली गीतों पर युवाओं की टोली थिरकती रही। शहर हो या गांव, हर जगह इस बार डीजे की विशेष व्यवस्था की गई थी। ठेले पर लदा डीजे साउंड और पीछे-पीछे युवाओं की थिरकती टोली ने गांव की गलियों से लेकर सड़कों तक न सिर्फ पर्व के जश्न और अपनी मस्ती का इजहार किया बल्कि एकता का संदेश भी दिया। वहीं रंग और अबीर के दौर में कीचड़ और धूल पीछे नहीं रही। बल्कि यूं कहा जाये तो होली की शुरुआत कीचड़ और धूल के साथ शुरू हुई। गांवों में युवाओं ने जम कर धूल खेल किया तो कीचड़ से सराबोर करने का दौर भी चलता रहा।
आरएसएस ने मनाया होली मिलन समारोह
करमाटांड़|प्रखंड क्षेत्र के अंतर्गत सियाटांड़ गांव में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से स्वामी विवेकानंद विद्यार्थी शाखा सियाटांड़ एवं अपना कोचिंग में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि के रुप में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के जिला कार्यवाह राजाराम मंडल, विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड के खंड कार्यवाह गणेश सिंह एवं शिव शंकर मंडल उपस्थित हुए। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने होली से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा किया। गणेश सिंह ने कहा कि होली के दिन हमलोग आपसी मतभेद को भूलकर एक दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हैं। मौके पर सहकार भारती के शिव शंकर मंडल, पंचायत समिति प्रतिनिधि नरेश मंडल, उप मुखिया शिवलाल मंडल, दुबराज मंडल, नितेश मंडल, रोहित मंडल, तुलसी मंडल, प्रियंका कुमारी, श्रुति कुमारी एवं दर्जनों स्वयंसेवक उपस्थित थे।
खुशी और उत्साह के साथ होली पर्व संपन्न
नाला|नाला एवं आसपास के क्षेत्र में रंगों का त्योहार खुशी और उत्साह के माहौल में मनाया गया। घर से लेकर चौक चौराहे तक रंग बरसे और जोगिरा सारा रा आदि होली गीत से वातावरण गुंजायमान रहा। पर्व के मौके पर सुबह से ही बच्चे, बड़े और महिलाओं के अलग-अलग समूह ने रंग अबीर-गुलाल के साथ खुशी का इजहार किया। युवा वर्ग डीजे की धून में होली गीत के साथ घंटो झूमते गाते रहे। खासकर थाना एवं प्रखंड परिवार द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह आकर्षक रहा। इधर दलाबड़, गोपालपुर, कुमिरदाहा, नीचेपाड़ा, पांजुनिया, महेशमुंडा, अफजलपुर, चकनयापाड़ा, देवली, मोहजुड़ी, दाहिनघाटी, कड़ैया,पाकुड़िया, मंझलाडीह आदि सभी गावों के गली मुहल्ले में पर्व पर उत्साह देखा गया। होली के साथ साथ आदिवासी समाज में सखुआ फूल और सफेद पानी के साथ बाहा पर्व भी धूमधाम से मनाया गया।
डीसी व एसपी ने लोगों को लगाया रंग, दी होली की शुभकामना
विधायक रणधीर सिंह ने समर्थकों संग खेली होली
होली मिलन समारोह में एसपी व अन्य पुलिस पदाधिकारी।
होली के मौके पर डीसी के संग कर्मी।
जामताड़ा|रंगों का त्योहार होली उपायुक्त गणेश कुमार व पुलिस अधीक्षक अंशुमन कुमार के आवास पर भी खेला गया। उपायुक्त आवास पर कर्मियों ने उपायुक्त को रंग लगाया और शाम में गुलाल लगाया। जबकि एसपी के आवास पर दिन में पुलिस के जवानों ने रंग खेला और शाम में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त गणेश कुमार भी उपस्थित हुए। स अवसर पर जवानों ने होली के गीत का भी गायन किया। मौके पर डीएसपी मनोज कुमार, इंस्पेक्टर मनाेज कुमार, हरेंद्र राय, एसके चौधरी, संजय कुमार के अलावे सुशील पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
विधायक कार्यकर्ताओं के साथ होली खेलते ।
जामताड़ा|भाजपा विधायक सह पूर्व कृषि मंत्री विधायक रणधीर सिंह शहरजोरी स्थित अपने घर पर कार्यकर्ताओं के साथ होली खेला। इस अवसर पर उन्होंने लोगों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामना दिया। मौके पर उनके दर्जनों समर्थक उपस्थित थे।
होली के मौके पर छात्र-छात्राएं।
नाला में होली का रंग खेलते उत्साहित युवक।