धूमधाम से मनाया गया होली का पर्व
आपसी सौहार्द भाईचारे सुख समृद्धि एवं रंगों का पर्व होली धूमधाम के साथ देवनगरी में मनाया गया। दो दिनों तक चलने वाले इस पर्व में लोगों ने जमकर मौज मस्ती की। बच्चे बूढ़े पुरुष महिला सभी लोग मस्ती में डूबे रहे। एक दूसरे को रंग अबीर लगाकर होली की शुभकामना दी। पुराने बैर वैमनस्य को भूलकर लोग प्रेम के साथ होली के रंग में रंग गए। सोमवार होली के पहले दिन शहरवासियों ने अबीर खेली। एक दूसरे को अबीर लगाकर होली की बधाई दी। सबसे पहले बाबा बैजनाथ एवं भगवान हरि पर अबीर अर्पण करने के बाद लोगों ने अबीर खेला। वहीं शाम में सभी लोग एक दूसरे के घरों में जाकर बड़ों के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया। सभी के घरों में विभिन्न प्रकार के मिष्ठान भोजन बनाए गए और लोगों का मुंह मीठा कराया गया। नए कपड़े पहन कर सभी लोग होली के रंग में रंगे रहे। खासकर बच्चों में होली को लेकर सबसे अधिक उत्साह छाया रहा। होली में बड़े छोटे का फर्क ही मिट गया आम और खास सभी एक ही रंग में रंग गए। मंगलवार को रंग और पिचकारी से देवनगरी सराबोर हो गई। सुबह होते ही हर तरफ रंग और पिचकारी से रंगों की बौछार होने लगी। लोगों ने एक दूसरे के गालों में रंग लगाकर होली मनाई। आम से लेकर खास सभी वर्ग के लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामना दी।
होली का पर्व हर्षोल्लास संपन्न
साहेबगंज|रंगों का त्यौहार हाेली महापर्व जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त प्रयास से कहीं से भी कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। होली के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त आवास में होली मिलन समारोह का भी आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न राजनीतिक दल एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। उपायुक्त वरुण रंजन ने अपने आवास में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी आगंतुकों का अबीर गुलाल के साथ खुद स्वागत किया। होली महापर्व सदर प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीण व मंडरो प्रखंड क्षेत्र आसपास क्षेत्र में बहुत ही हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में दो दिन मनाए गए इस त्योहार के दौरान छोटे छोटे बच्चे, बड़े समेत सभी उम्र के लोग इस पर्व में रंग के मस्ती में दो दिन तक डुबे रहे।