अवैध पत्थर खदान में गिरने से संचालक की माैत
दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र के मकड़ापहाड़ी में गोचर भूमि पर चल रही अवैध पत्थर खदान में गिर जाने से संचालक सुनील मुर्मू की शुक्रवार शाम मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव लेकर घर चले गए। पुलिस ने घर से शव कब्जे में लेकर शनिवार को मेडिकल कालेज में पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया। पुलिस निरीक्षक वकार हुसैन ने मृतक समेत मंटू मरांडी व डाक्टर आशीष साह के खिलाफ अवैध खनन का मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार मकड़ापहाड़ी में मंटू मरांडी की एक बीघा जमाबंदी जमीन है। इसके पास ही गोचर भूमि है। मंटू, सुनील और आशीष करीब पांच साल से गोचर भूमि में अवैध पत्थर खदान चला रहे थे। शुक्रवार की दोपहर खदान में गिर जाने के कारण सुनील मुर्मू की मौत हो गई। मौत के बाद सुनील के परिजन शव लेकर घर आ गए। पुलिस निरीक्षक को शाम को घटना की जानकारी मिली तो उन्होंने टीम भेजकर घर से सुनील का शव कब्जे में लिया। छानबीन के बाद पुलिस निरीक्षक ने अपने ही बयान पर मृतक समेत तीन के खिलाफ मामला दर्ज किया। जिस खदान में मौत हुई है, उसे वर्ष 15 में सरसडंगाल का विनोद भगत चलाता था। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई तो उसने किनारा कर लिया। उसके हटने के बाद तीनों लोग मिलकर इस अवैध खदान को चला रहे थे।