बारात में शामिल पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त, दो गंभीर
नारायणपुर बाजार होते हुए करमदाहा जाने वाली सड़क के बावनबीघा के पास बुधवार की रात एक पिकअप वैन जेएच 046-7796 दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। पिकअप वैन में सवार तेरह लोगों में से तीन को काफी चोट लगी है। जानकारी के अनुसार जामताड़ा के फतेहपुर ग्राम से गोविंदपुर जा रही एक बारात पार्टी में यह पिकअप वैन शामिल था, जिस पर बैंड पार्टी के लोग सवार थे। यह श्याम बैंड पार्टी फतेहपुर की है।
बैंड पार्टी में शामिल श्याम नामक व्यक्ति ने बताया कि वह सभी शादी समारोह में भाग लेने के लिए फतेहपुर से गोविंदपुर बारात के साथ जा रहे थे। इस घटना के बाद चालक फरार हो गया। घटना बुधवार की रात करीब 9 बजे की है। विदित हो कि इस सड़क दुर्घटना में उस बैंड पार्टी के नकुल वाद्यकर, गोविंद वाद्यकर एवं सादिन वाद्यकर को काफी चोटें आई। घटना के बाद 108 एंबुलेंस के मदद से सभी घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर लाया गया।