अंतर्राज्यीय चोर गिरोह के दो नाबालिग सदस्यों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
अन्तर्राज्यीय चोर गिरोह के दो नाबालिग को नगर थाना की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी पुलिस अधीक्षक वाईएस रमेश के आदेश पर नगर थाना की टीम ने की। रविवार को नगर थाना प्रभारी संजय कुमार मालवीय ने पत्रकारों के साथ बातचीत में बताया कि दुमका शहर में आए दिन चोरी की घटना घट रही थी। घर, दुकान एवं बाइक चोरी की घटनाओं में भी काफी बढ़ोत्तरी हो गई थी। उन्होंने बताया कि एसपी के निर्देश पर एक पुलिस टीम का गठन किया गया। इस टीम में एएसआई मो.मुस्ताक सहित प्रशिक्षु एसआई भवेश रवानी, अभिनव कुमार,जितेन्द्र साहू सहित अन्य पुलिस जवान शामिल थे। छानबीन के दौरान पता चला कि एक नाबालिग चोर देवघर जिला के पालोजोरी का रहने वाला है। शनिवार को पालोजोरी में छापेमारी कर नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। नाबालिग के पास से चोरी के एक लैपटॉप उसके घर से बरामद की गई। वहीं चोरी की मोबाइल भी बरामद हुई है। उक्त नाबालिग चोर की निशानदेही पर कुम्हारपाड़ा मुहल्ले से एक और नाबालिग को चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार नाबालिग ने अपने जुर्म को कबूल कर लिया है। दोनों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान बताया है कि चोर गिरोह का मुख्य सरगना पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। उक्त नाबालिग सरगना के इशारे पर ही काम करता है। दोनों ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल, देवघर, बिहार के बांका जिला से चोरी की नियत से दुमका में कई नाबालिग आते है और चोरी करने से पहले योजना बनाया जाता है। योजना बनाने के बाद रात में चोरी की घटना को अंजाम दिया जाता है। थाना प्रभारी ने बताया कि मुख्य सरगना अब छोटे-छोटे बच्चों को कुछ पैसे के लालच देकर घर,दुकान एवं बाइक की चोरी करवा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त नाबालिग चोर से पूछताछ की जा रही है। अन्य कई सामानों की बरामदगी होने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि सरगना का भी पता चल गया है। जल्द ही गिरफ्तारी हो जाएगी। थानेदार ने लोगों से अपील किया कि घर को सुना छोड़कर कहीं नहीं जाए। अगर बाहर जाना है तो किसी को घर में रखकर जाए,अन्यथा पुलिस को सूचित कर दें। इससे घर सुरक्षित रहेगी।