सड़क हादसे में मारे गए दोनों अपराधियों की हुई पहचान
कोडरमा |घाटी में गत 7 मार्च को सड़क दुर्घटना में लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो अपराधियों की हुई मौत मामले में उसकी पहचान कर ली गई है। दोनों अपराधी ओडिशा के जाजपुर के रहने वाले हैं। मारे गए अपराधियों का नाम अर्जुन राव व बादल राव है। दोनों आपस में रिश्तेदार हैं। मौत की सूचना पर उसके परिजन गत सोमवार को सदर अस्पताल पहुंचकर मारे गए अपराधियों की पहचान की। साथ ही मृतक के शव को ओडिशा ले गए। मौके पर मृतक अर्जुन राव के पिता नीलकंठ राव ने बताया कि उनका पुत्र कपड़ा बेचने के लिए इधर आया हुआ था। उसने अपने पुत्र को अपराधी मानने से इंकार किया। उल्लेखनीय हो कि मृतक दोनों अपराधी बिहार के गया जिला अंतर्गत फतेहपुर स्थित बालाजी ज्वेलर्स से लाखों रुपए के जेवरात से भरा बैग लूट कर भाग रहे थे। इस दौरान घाटी में ट्रेलर की चपेट में आ जाने से दोनों की मौत हो गई थी। मृतक अपराधियों के पास से पुलिस ने लूटे गए जेवरात से भरा बैग बरामद किया था। बाद में इसकी सूचना पर सर्राफा दुकान के संचालक ने कोडरमा थाना पहुंचकर लूटे गए जेवरात की पहचान की थी।