- Hindi News
- National
- Kodarma News Instructions For The Formation Of A Special Raid Team To Stop The Incidents Of Vehicle Theft And Chain Robbery
वाहन चोरी और चेन छिनतई की घटनाओं पर रोक को लेकर विशेष छापेमारी दल के गठन का निर्देश
पुलिस अधीक्षक डाॅ. एम तमिलवाणन की अध्यक्षता में शनिवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। मौके पर एसपी वाणन द्वारा विभिन्न थानों में फरवरी माह के अलावा पूर्व में दर्ज किए गए मामले की समीक्षा की गई। जिसमें पाया गया कि फरवरी माह में जिले के विभिन्न थानों में कुल 92 कांड दर्ज किए गए। वहीं इस अवधि में कुल 105 मामले निष्पादित किए गए। समीक्षा के दौरान एसपी द्वारा सीसीटीएनएस, एक्सीडेंट इंफो रिपोर्ट सहित अन्य बिंदुओं पर सभी थाना प्रभारियों को ससमय कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबित कांडाें को शीघ्र डिस्पोजल करने को लेकर भी आईईओ को निर्देशित करने की बात कही गई। एसपी ने कांडाें के संदर्भ में आरोप पत्र निर्धारित अवधि के दौरान न्यायालय में जमा करने का निर्देश दिया, ताकि आपराधिक कांडाें में शामिल अपराधियों को किसी प्रकार के कानूनी चूक का फायदा नहीं मिल सके। साथ ही उन्हें न्यायालय के मार्फत सजा दिलाई जा सके। बैठक में एसपी द्वारा विशेष तौर पर जिले में निरंतर रूप से घट रही वाहन चोरी की घटनाओं के अलावा हाल के दिनो में घटित हुई चेन छिनतई के मामलो के उद्भेदन के लिए विशेष रूप से एसआईटी टीम का गठन करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही इस प्रकार के मामलो पर रोक लगाने को लेकर संदिग्धों को विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। समीक्षा बैठक में एसपी द्वारा सतगांवा थाना प्रभारी के कार्यों को संतोषजनक पाए जाने पर उन्हें पुरस्कृत किया गया। अपराध समीक्षा बैठक के बाद एसपी द्वारा पुलिस पदाधिकारियों व जवानों के साथ पुलिस सभा आयोजित की गई। जिसमें एसपी द्वारा पदाधिकारियों व जवानों द्वारा रखे गए समस्याओं व उनकी समस्याओं का निराकरण किया। मौके पर पुलिस लाईन में बिजली व पानी का संकट सामने आने पर एसपी ने इसके निदान को लेकर एक विशेष टीम गठित करने का निर्देश दिया। साथ ही सेवानिवृत पुलिस कर्मियों के अलावा जवानों और पदाधिकारियों से संबंधित अन्य मामलो के निष्पादन को लेकर सार्जेंट मेजर को निर्देशित किया। मौके पर एसडीपीओ राजेंद्र प्रसाद, डीएसपी मुख्यालय संजीव कुमार सिंह के अलावा सभी थानों के थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।