इटखोरी : मुहाने नदी में आई बाढ़
इटखोरी प्रखंड में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से यहां का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस बेमौसम बारिश के कारण यहां के किसानों और व्यवसायियों को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों के खेतों में लगे सरसों और मसूर की फसल तो पूरी तरह चौपट हो गयी है। वहीं रवि फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा किसानों के खेतों में लगे टमाटर, गोभी, पालक, लहसुन, प्याज व करैला समेत अन्य साग सब्जी की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। दसरी ओर कई व्यवसायियों के कच्चे ईंट साइड पर ही पानी में नष्ट हो गए हैं। लगातार हो रही धुआंधार बारिश के कारण मार्च महीने में भी मुहाने नदी में बाढ़ आ गया है। इस नदी में दोपहर 12 बजे के बाद अचानक पानी उतर आया है। जिससे नदी के तट पर बसे लोगों के बीच समस्या उत्पन्न होने की संभावना बनी हुई है। खबर लिखे जाने तक इस नदी में बाढ़ का पानी का बहाव बढ़ ही रहा था। इस बेमौसम बारिश ने लोगों को जीना दूभर कर दिया है।