- Hindi News
- National
- Jaynagar News One Storey On 250 Families Incomplete Two Storey Building Of Newly Constructed Primary School With 23 Lakhs
250 परिवार पर मात्र एक चापानल, 23 लाख से बन रहा नवसृजित प्राथमिक विद्यालय का दो मंजिला भवन अधूरा
कटहाडीह पंचायत का सहेबाडीह गांव के लोगों को अबतक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं है। यहां लगभग 250 भुइयां परिवार के लोग रह रहे हैं। जो मेहनत मजदूरी कर अपना गुजारा करते है। ग्रामीणों को सरकार की ओर से पर्चा के माध्यम से जमीन दी गई है। यहां पेयजल के लिए लगे तीन चापानलों में एक पुरी तरह बेकार हो गया है जबकि दूसरा मवेशी बांधने का काम आ रहा है। एक मात्र चापानल से जिससे लोगों अपनी प्यास बुझाते हैं। गांव में दो कूपों में एक कूप जर्जर होकर ध्वस्त हो गया है। जबकि दूसरे कूप का पानी लोग नहाने-धोने के लिए इस्तेमाल करते है। सबसे बुरा हाल यहां शिक्षा और आवास का है। वर्ष 2002 में यहां अभियान विद्यालय की शुरूआत हुई थी। बच्चों की पढाई 2018 तक सामुदायिक भवन में हुई इसके बाद यहां लगभग 23 लाख की लागत से नवसृजित प्राथमिक विद्यालय का दो मंजिला भवन का निर्माण शुरू हुआ लेकिन संवेदक द्वारा भवन काे निर्माण आधा अधूरा कर छोड़ दिया गया। वर्ष 2018 से 2019 तक अधूरे भवन में ही बच्चों की पढ़ाई हो रही थी। बाद में सरकार द्वारा विद्यालय का समायोजन यहां से ढाई किलोमीटर दूर उत्क्रमित मध्य विद्यालय कटहाडीह में कर दिया गया है। लेकिन दूरी के कारण बच्चे विद्यालय जाने में आना कानी करते है। यहां वर्षों पहले बना आवास अब जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता है जिससे लोगों को परेशानी बढ़ जाती है। इस गांव के लोगों को अब तक पीएम आवास नहीं मिला है। स्वास्थ्य सुविधा के लिए ग्रामीणों को हिरोडीह अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाना पड़ता है। गांव के परम प्रताप बिरूआ, इंदिरा देवी, रेखा देवी, फुलवा देवी, हरिहर भुइयां ने बताया कि हमारे गांव में सब सिर्फ वादा करने आते हैं, हमें देखने वाला कोई नहीं है। सरकार की ओर से गांव में खोले गए विद्यालय वह भी दूसरे विद्यालय में समायोजन कर बंद कर दिया गया जिससे बच्चों को पढ़ाई के लिए दूसरे गांव जाने को विवश हैं, जबकि गांव में लाखों रुपए से बना भवन जर्जर और बेकार साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि सरकार की ओर से दिए गए जमीन पर दबंगों का कब्जा हो गया है जिससे हम लोग काफी भयभीत रहते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हम लोग प्रतिदिन मजदूरी कर अपना जीवन यापन करते हैं हम लोग वही हम लोगों को वर्षों पूर्व में मिला आवास भी पूरी तरह जर्जर हो गया है। ग्रामीणों ने सरकार से आवास व बंद पड़े विद्यालय को चालू करने की मांग की है।
कटहाडीह पंचायत का सहेबाडीह गांव के लोगों को अबतक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं