होली के रंग में डूबे लोग, जमकर उड़े रंग-गुलाल
रंगों का त्योहार होली की तैयारी पूरी कर ली गई है। सोमवार की शाम होलिका दहन के साथ पर्व की शुरुआत होगी। मंगलवार को होली मनाई जाएगी। सभी तरफ होली की खुशी छाई हुई है। लोगों का मूड होलियाना हो गया है। रविवार को कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जमकर रंग-गुलाल उड़े। लोगों ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाइयां देते देखे गए। होली पर्व को लेकर बाजार भी गुलजार रहे। शहर में दुकानदार अपनी दुकानदारी के साथ-साथ होली का लुत्फ उठा रहे हैं। दुकानों में तरह तरह के रंग- अबीर व पिचकारी की बिक्री हो रही है । लोग पर्व को लेकर अन्य जरूरी सामग्रियों की खरीदारी कर तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। गांवों में भी होली का उमंग व उत्साह चरम पर है। गांवों के चौपालों में लोग ढोल मंजीरे के साथ होली के गीतों पर थिरक रहे हैं।
राजद के होली मिलन समारोह में शामिल हुए मंत्री : राजद जिला कमिटी की आेर से परिसदन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समरोह में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड सरकार के श्रम नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री सत्यानंद भोक्ता शामिल हुए। मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ रंग गुलाल खेलकर होली मनाई। इसके बाद कार्यकर्तओं ने एक दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। होली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए जिले के विभिन्न प्रखंडों से कार्यकर्ता यहां पहुंचे थे। कार्यकर्तओं के लिए पूआ पकवान व मिठाई की व्यवस्था की गई थी। सुबह दस बजे से शुरू हुआ यह कार्यक्रम देर शाम तक चला । मंत्री कार्यकर्ताओं के साथ ढोल मंजीरे लेकर फगुअा के गीत गाए । कार्यकर्ता पूरे दिन फगुअा गीत पर थिरकते रहे। मौके पर महेंद्र यादव उर्फ महरू यादव, किशोर यादव, उदय कुमार वर्मा, सुदेश कुमार, पप्पू यादव, मनोहर यादव, रिंकू खान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे।
स्वराज भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन : शहर के मारवाड़ी मोहल्ला स्थित स्वराज भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह जिला बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष अधिवक्ता रमेश प्रसाद जायसवाल व वार्ड पार्षद वेदवती जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित किया गया । समारोह में काफी संख्या में लोग शामिल हुए । लोगों ने एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दी । इसके बाद ढोल मंजीरे के साथ लोगों ने फगुआ के गीतों पर थिरके। मौके पर एपलोंब के निदेशक परसेन सिन्हा , रौशन कुमार, निरंजन कुमार, महेश कुमार, त्रिलोचन कुमार, मनोज कुमार,रंजन कुमार, सुसन कुमार, भानू जयसवाल, अराधना, सपना, श्वेता, श्रृंखला आदि उपस्थित थे।