कोरोना वायरस व विभिन्न विभागों के मामलों की समीक्षा
मुख्य सचिव डॉ. डीके तिवारी ने शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से नोवेल कोरोना वायरस सहित विभिन्न विभागों की समीक्षा की। समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में डीसी जितेंद्र कुमार सिंह डीडीसी मुरली मनोहर प्रसाद, अपर समाहर्ता संतोष कुमार सिन्हा आदि उपस्थित थे। मुख्य सचिव ने नोवेल कोरोना वायरस के विषय पर चर्चा से पूर्व वन विभाग, खनन विभाग, राजस्व विभाग, डीएमएफटी ऑडिट रिपोर्ट, उत्पाद विभाग, भवन निर्माण विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग आदि के कार्यों की समीक्षा की। नोवेल कोरोना वायरस पर मुख्य सचिव ने कहा कि इसे लेकर राज्य सरकार सतर्क है। राज्य में कोरोना वायरस से पीड़ित अभी तक कोई भी व्यक्ति नहीं पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम तथा जिला सर्विलेंस इकाई के द्वारा विदेशों से आए यात्रियों की प्रतिदिन सतत निगरानी की जा रही है। मुख्य सचिव ने नोवेल कोरोना वायरस को देखते हुए जिला अस्पताल में 5-10 बेड का आइसोलेटेड वार्ड बनाने का निर्देश दिया है। इसे लेकर डॉक्टर, नर्स, स्टाफ को ट्रेनिंग देने का भी निर्देश दिया गया। ताकि कोरोना वायरस से पीड़ित मरीज का तुरंत प्राथमिक उपचार हो सके। उन्होंने बताया कि पूर्व में कोरोना वायरस जांच हेतु सैंपल कोलकत्ता भेजे जाते थे परंतु वर्तमान में जमशेदपुर में हीं सैंपल का जांच की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस से बचने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। एहतियात के तौर पर जनसमुदाय को कोरोना वायरस से बचाव के लिए हाथ साबुन और पानी या हैंड सैनिटाइजर से साफ करने, खांसते एवं छींकते हुए अपनी नाक एवं मुंह को टिशू पेपर या हथैली से ढकने के लिए प्रेरित करने की बात कही।मुख्य सचिव ने कोरोना वायरस के संक्रमण को देखते हुए एहतियात के तौर पर सरकार आपके द्वार कार्यक्रम एवं जनता दरबार जैसे सामुदायिक आयोजनों को भी स्थगित करने का निर्देश दिया।