- Hindi News
- National
- Kodarma News The Deputy Commissioner Sought A Report From The Zonal Officials On The Complaints Received In The Case Of Filing The Dismissal
दाखिल खारिज के मामले में मिल रही शिकायतों पर उपायुक्त ने अंचलाधिकारियों से मांगी रिपोर्ट
जिले में दाखिल खारिज कराए जाने को लेकर अंचल के पदाधिकारियों व कर्मियों की मनमानी की शिकायत के आलोक में उपायुक्त रमेश घोलप ने अपर समाहर्ता अनिल तिर्की को सभी प्रखंडों के अंचलाधिकारियों से रिपोर्ट मांगे जाने का निर्देश दिया है। अंचलाधिकारियों से दाखिल खारिज के संबंध में मांगी गई रिपोर्ट में अंचलो में दाखिल खारिज को लेकर दिए जाने वाले आवेदनों के आलोक में अब तक रिजेक्ट किए गए आवेदन के अलावा लंबित रखे जाने वाले आवेदनों के कारणों का उल्लेख किए जाने की बात कही गई है। इस संबंध में अपर समाहर्ता अनिल तिर्की ने बताया कि शुक्रवार को विकास एवं समन्वय समिति की बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा दाखिल खारिज से संबंधित मामलो की समीक्षा की गई, जिसमें पाया गया कि इस मामले में काफी संख्या में आवेदनों को अस्वीकृत कर दिया गया है। साथ ही काफी मामले लंबित पड़े है। उन्होंने बताया कि इस बाबत लोगों द्वारा इस प्रकार की शिकायते मिलती रही है कि अंचलाें में आवेदनों को काफी दिनो तक लंबित रखने के पश्चात निर्धारित 90 दिनो के समायावधि के एक दो दिन पहले इसे अस्वीकृत कर दिया जाता है। उपायुक्त द्वारा इस संबंध में सीओ से मांगी गई रिपोर्ट में उनसे अस्वीकृत किए गए आवेदनों के संबंध में जानकारी मांगी गई है। एसी ने बताया कि सीओ से रिपोर्ट मिलने के बाद अस्वीकृत किए गए कुछ आवेदनों की रेन्डमली जांच कर इसे अस्वीकृत किए जाने के कारणों की भी छानबीन की जाएगी, ताकि इस बात की जानकारी मिल सके कि आवेदनों को कहीं बेवजह को अस्वीकृत नहीं कर दिया गया है।
दाखिल खारिज के संबंध में प्राप्त आंकड़े के अनुसार जिले के सभी छह प्रखंडों में ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू होने के पश्चात पिछले लगभग तीन सालो के दौरान कुल 22 हजार 424 आवेदन प्राप्त किए गए, जिसमें 13 हजार 398 आवेदनों को अब तक रिजेक्ट किया जा चूका है। वहीं अंचलो में अब भी 1625 आवेदन लंबित पड़े है। वहीं अब तक 7 हजार 401 आवेदन हीं निष्पादित किए गए है। अस्वीकृत किए गए आवेदनों में सबसे अधिक मामले कोडरमा सदर के है। यहां कुल 13 हजार 806 आवेदनों में आधे से ज्यादा तकरीबन 7 हजार 188 आवेदन अस्वीकृत कर दिए गए है। वहीं चंदवारा प्रखंड में 1793, जयनगर में 1468, डोमचांच में 1342, मरकच्चो में 856 व सतगांवा में 751 आवेदन अस्वीकृत किए गए है।