महिलाएं हर क्षेत्र में मुकाम हासिल कर रहीं हैं
कृषि विज्ञान केन्द्र में रविवार को विश्व महिला दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत जिला परिषद अध्यक्ष ममता देवी एवं नगर परिषद अध्यक्ष गुंजा देवी ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरीय वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. रंजय कुमार सिंह ने कहा कि आठ मार्च को विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के सशक्तीकरण और उन्हें मान-सम्मान दिलाने का प्रतीक है। हमें यह स्वीकार करना होगा कि घर और समाज की बेहतरी के लिए पुरुष और महिला दोनों समान रूप से योगदान करते हैं। यह जीवन को लाने वाली महिला है। ममता देवी ने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। धीर-धीरे ही सही लेकिन महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ रही है । महिला दिवस राजनैतिक और सामाजिक स्तर पर महिलाओं के समान अधिकारों को देखते हुए विश्व भर में मनाया जाता है। पहली बार वर्ष1909 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया था। गुंजा देवी ने कहा कि किसी जमाने में नारी को मात्र भोग एवं संतान उत्पति का जरिया समझा जाता था। जिन औरतों को घरेलू कार्यों में समेट दिया गया था, वह अपनी चारदीवारी को तोड़कर बाहर निकली है और अपना दायित्व निभाते हुए सबको हैरान कर दिया है। इक्कीसवी सदी नारी के जीवन में सुखद संभावनाएं लेकर आई है। नारी अपनी शक्ति को पहचानने लगी है । वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हुई है। लेकिन यहां हम इस कटु सत्य से मुंह नहीं मोड़ सकते कि महिलाओं को आज पुरूषों की तुलना में कम मजदूरी मिलती है। जीप उपाध्यक्ष रूबी वर्मा ने कहा कि वर्तमान स्थिति में नारी ने जो साहस का परिचय दिया है वह आर्श्चजनक है। आज नारी की भागीदारी के बिना कोई भी काम पूर्ण नहीं माना जा रहा है। समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं का प्रवेश हो चुका है। कार्यक्रम को सफल बनाने में कृषि विज्ञान केन्द्र, चतरा के उपेंद्र कुमार सिंह, मो0 जुनैद आलम, अभिजित घोश, अभिषेक घोश, लालमनी ठाकुन, रूपलाल कुमार भोक्ता, अशोक ठाकुर, रवि कुमार, विक्की कुमार, नवल किषोर, बसंत ठाकुर, नेपाल ठाकुर आदि उपस्थित थे।
कार्यक्रम में उपस्थित जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व नपा अध्यक्ष।