- Hindi News
- National
- Balumath News 11 People Injured In Fighting Of Two Groups Case Reached Police Station
दो गुटों की मारपीट में 11 लोग घायल, मामला थाने में पहुंचा
थाना क्षेत्र के मूरपा गांव में गुरुवार को एक ही समाज के दो गुटों में जमकर मारपीट हुई। इसमें 11 लोग घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। उसके बाद सबों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इस संबंध में पिंडारकोम ग्राम निवासी शिवकुमार राम ने बालूमाथ थाना में आवेदन देकर कहा है कि मैं निजी कार्य से मूरपा गया था। इसी बीच राजू राम पिता मुनेश्वर राम, सतीश यादव एवं विकास यादव ने हमारे साथ मारपीट आरंभ कर दी। मारपीट का कारण पूछने पर कहा कि तुम पुलिस के दलाल हो और पिछले दिनों दो नंबर अवैध कोयले का कार्य करने के दौरान तुमने ही मेरा जेसीबी और ट्रक को पुलिस से पकड़वा दिए हो। वे लोग मुझे जबरन गाड़ी में बैठाकर अन्यत्र ले जाना चाह रहे थे। मैं किसी तरह भागकर अपने घर पहुंचा। इसकी सूचना मिलने पर हमारे पिताजी दशरथ राम समेत अगल-बगल के लोग वहां पहुंचे और उनलोगों से मारपीट का कारण जानना चाहा। इसी दौरान राजू राम और उनके दर्जनों दोस्तों ने इन लोगों पर हमला कर दिया, जिससे कन्हाई राम, महेश राम, कांति मसोमात, संगीता देवी, चंदन राम, तिलेश्वर राम, प्रवीण राम, लखन राम, जीरा देवी, रितेश राम व दशरथ राम घायल हो गये। बालूमाथ पुलिस इंस्पेक्टर राजेश मंडल ने कहा कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है।
ऑटो के धक्के से युवक गंभीर रूप से घायल
बेतला | कुटमू-दुबियाखांड़ मार्ग पर गुरुवार को केचकी गांव स्थित बारह माइल के पास अज्ञात ऑटो के धक्के में कुटीटोला निवासी अमीर सिंह गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि ऑटो डालटनगंज से बरवाडीह की ओर जा रहा था। इसी बीच बारह माइल के पास पैदल जा रहे अमीर सिंह को ऑटो ने पीछे से धक्का मार दिया, जिससे वह जमीन पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर उसके पिता गोपाल सिंह घायल अमीर को इलाज कराने के लिए सदर अस्पताल डालटनगंज ले गए हैं। परिजनों के अनुसार अमीर की स्थिति काफी नाजुक बनी हुई है। धक्का मारने वाला ऑटो फरार हो गया है। समाचार लिखे जाने तक घटना की सूचना बरवाडीह पुलिस को नहीं दी गई है।
बालूमाथ में मारपीट में घायल लोग।