झुंड से बिछड़े एक हाथी ने दो घरों को पहुंचाया नुकसान
चंदवा|थाना क्षेत्र अंतर्गत अलौदिया पंचायत के टूड़हामू गांव में झुंड से बिछड़े एक हाथी ने दो घरों को भी आंशिक रूप से नुकसान पहुंचाया है। घटना सोमवार की रात की है। इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि एनएच 39 के किनारे स्थित इस गांव में सोमवार की रात अचानक से एक हाथी घर के पीछे वन विभाग की भूमि की ओर से चहारदीवारी तोड़ते हुए घर में प्रवेश कर गया। इस दौरान झामुमो नेता सुमन सुनील सोरेन की चहारदीवारी तोड़ दी लोहे का गेट भी क्षतिग्रस्त कर दिया । वही प्रदीप उरांव के घर की दीवार को भी हिला दिया, जिससे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। लोगों ने बताया कि सोमवार की रात अचानक हाथी को देख वे सहम गए। किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। यहां से हाथी एनएच पर आ गया कुछ दूर चलते हुए फिर वह चीरो गांव की ओर घुस गया है। ग्रामीणों की मानें तो हाथी का खतरा अभी टला नहीं है। लोग भय के साए में जी रहे हैं। उक्त हाथी लुकुईया जंगल से होते गेरुआगढा होते हुए टूड़हामु पहुंच गया था। लोगों ने वन विभाग को नुकसान की जानकारी दी है । हाथी को भगाने के लिए मदद की गुहार भी लगाई है।