भाजपा से भड़के कायस्थ, राजद से शरद कैंप और कांग्रेस में नाराजगी
तेजस्वी बोले-पुरानी बातों को भूलकर साथ आएं, नया बिहार बनाना है
तेजस्वी यादव ने कहा कि साथ चलेंगे, साथ बढ़ेंगे, मिलकर नया बिहार गढ़ेंगे। जाति धर्म से उपर उठकर हम सबों को मिलकर नए दौर में नया बिहार बनाना है। राजद ए टू जेड समीकरण वाली पार्टी है। हम सभी तबको को साथ लेकर चलने में भरोसा करते हैं। यही कारण है कि राजद सभी जातियों को प्रतिनिधित्व दे रही है। इसके पहले वाले राज्यसभा चुनाव में मैथिल ब्राह्मण मनोज झा और अब भूमिहार जाति के नेता को राज्यसभा भेजकर पार्टी संदेश भी दे रही है। राजद सभी जातियों को साथ लेकर चलने में विश्वास करता है। सीटों के बंटवारे पर लालू प्रसाद और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में बात हो चुकी है, इसलिए कहीं कोई परेशानी वाली बात नहीं है। दोनों नेताओं का निर्विरोध निर्वाचन होगा। कांग्रेस के साथ राज्यसभा की सीट को लेकर कहीं कोई टकराव की स्थिति नहीं है। कांग्रेस समेत महागठबंधन में टूट की आशंकाओं को निराधार बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि दावा करने वालों को परेड करानी चाहिए।
राजद उम्मीदवार पर मोदी ने उठाया सवाल, कहा- आज भी जेल से ही तय होता है टिकट
पटना | उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राजद के राज्यसभा उम्मीदवार पर सवाल उठाया है और दावा किया है कि आज भी वहां सबकुछ जेल से ही तय होता है। गुरुवार को ट्वीट कर कहा है कि राजद ने एक ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया, जिसे राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सीनियर सदस्य भी नहीं जानते। राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार तय करना किसी पार्टी का आंतरिक मामला है, लेकिन लगता है कि राजद ने इसके लिए कोई लोकतांत्रिक प्रक्रिया नहीं अपनायी। वे सड़क पर लोकतंत्र बचाने का नाटक तो खूब करते हैं, लेकिन किसको टिकट मिलना है, यह जेल से तय करते हैं।
पॉलिटिकल रिपोर्टर | पटना
राज्यसभा की उम्मीदवारी से कमोबेश सभी पार्टियों के साइड इफेक्ट्स सामने आए। आरके सिन्हा या उनके पुत्र ऋतुराज को टिकट नहीं मिलने से नाराज अखिल भारतीय कायस्थ महासभा भाजपा पर भड़क गई; भाजपा को कायस्थ विरोधी बताया। शरद यादव का कैंप राजद से नाराज हुआ, सभी सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही। बेचारी कांग्रेस कसमसा कर रह गई। उसे राजद से एक सीट नहीं मिलने का बहुत मलाल है। लेकिन कुछ बोल नहीं पा रही।
कायस्थ महा संसद तय करेगा भाजपा के खिलाफ चुनावी लाइन
अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष रविनंदन सहाय ने कहा कि ‘आर.के.सिन्हा या उनके बेटे ऋतुराज को टिकट नहीं देकर भाजपा ने अपने कायस्थ विरोधी राजनीति व चेहरे को उजागर कर दिया है। यह कायस्थ समाज की अस्मिता पर हमला है। कायस्थों में गहरा रोष है। भाजपा ने अत्यंत निंदनीय काम किया; सबका साथ- सबका विकास-सबका विश्वास पर खुद प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया। आरके सिन्हा ने भाजपा की नींव मजबूत की है। भाजपा ने कायस्थ समाज को हमेशा दोयम दर्जे का माना, इसे राजनीति में हाशिए पर भेजने का काम किया। जल्द कायस्थ महा संसद होगा। इसमें भाजपा की कायस्थ विरोधी नीति पर चिंतन करते हुए विधानसभा चुनाव के लिए लाइन-रणनीति तय होगी।’ वह गुरुवार को संवाददाताओं से बात कर रहे थे। इस दौरान डॉ. निर्मल कुमार श्रीवास्तव, सुजीत कुमार वर्मा, कुमार अनुपम, सुदामा सिन्हा, शालिनी सिन्हा, अमिताभ, मनोज कुमार मनोज आदि मौजूद रहे।सूरज सिन्हा ने कहा कि आज कायस्थ समाज खुद को ठगा हुआ और अपमानित महसूस कर रहा है। हम एकजुट होकर भाजपा को करारा जवाब देंगे।
कांग्रेसी चाहकर भी कुछ नहीं बोल पा रहे
कांग्रेसियों को पूरा भरोसा था कि राजद उसे एक सीट जरूर देगी। ऐसा नहीं हुआ। कांग्रेसी उबले हुए हैं। लेकिन इसलिए चुप हैं कि इस मसले पर उनके आलाकमान का राजद नेतृत्व से बात हुई और इसके बाद ही राजद ने दोनों सीटें अपने पास रख लीं। दबी जुबान से कांग्रेसी यह कहने से नहीं चूक रहे कि बीते लोकसभा चुनाव में राजद ने कांग्रेस को राज्यसभा की एक सीट देने का वायदा किया था। इसके वास्ते कुछ दिन पहले कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल की एक चिट्ठी भी खुलेआम हुई। इसमें राजद को उसका यह वायदा याद कराया गया था। हालांकि, राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद ने इस चिट्ठी को फर्जी बताया।
बोला शरद कैंप- लालू प्रसाद ने धोखा दिया
लोकतांत्रिक जनता दल के संरक्षक शरद यादव को टिकट मिलने का पूरा भरोसा था। नहीं मिला, तो उनके लोग नाराज हो गए। शरद की पार्टी के प्रदेश (बिहार) उपाध्यक्ष बीनू यादव ने कहा कि हम विधानसभा की सभी सीटों पर लड़ेंगे। लालू प्रसाद ने शरद यादव जैसे बड़े नेता के साथ धोखेबाजी की, जबकि शरद ने हर स्तर पर लालू प्रसाद का साथ दिया। नीतीश कुमार के फैसले से अलग जाते हुए लालू प्रसाद का साथ दिया, लेकिन लालू उन्हें केवल झूठा आश्वासन देते रहे। असल में वह रुपये को ही तरजीह देते हैं। हमलोग ये सारी बातें जनता को बताएंगे; जनता की अदालत में लालू प्रसाद को एक्सपोज करेंगे।
जगदानंद ने गोहिल की चिट्ठी को फर्जी बताया
राजद प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने गुरुवार की सुबह 9 बजे प्रदेश राजद कार्यालय खुलवाकर आनन-फानन में प्रेस काॅन्फ्रेंस किया और दोनों उम्मीदवारों का नाम घोषित किया। जब कांग्रेस की सहमति को लेकर उनसे सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि आरजेडी का दो सीट बनता है। ऐसे में किसी और से बात करने का कोई मतलब ही नहीं था। उन्होंने कांग्रेस बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल की उस चिट्ठी को फर्जी करार दिया जिसमें सीटों की बंटवारे को लेकर तेजस्वी को पुराना वादा याद दिलाया गया था।
नामांकन दाखिल करने के दौरान राजद नेता प्रेमचंद गुप्ता और एडी सिंह। साथ में हैं तेजस्वी यादव और राजद के अन्य नेता।