अररिया: ओवरलोड ऑटो खड़ी ट्राॅली से भिड़ी, 2 की मौत, 2 गंभीर
भास्कर न्यूज | अररिया
अररिया-पूर्णिया फोरलेन सड़क पर गुरुवार को चातर लहटोरा के निकट सड़क किनारे खड़े बालू लोडेड ट्रैक्टर ट्राॅली में यात्रियों से ओवरलोडेड ऑटो ने पीछे से टक्कर मार दी। ट्राॅली से टकराते ही ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। ऑटो में बैठे चार लोग बुरी तरह से घायल हो गए। ताराबड़ी के आमगाछी की मेनका देवी (55) की मौत कुछ देर बाद मौके पर हो गई। दिनेश सिंह (40)की मौत सदर अस्पताल पहुंचने के बाद हुई। घायलों में मेनका देवी की बेटी ललिता देवी और पति राजेंद्र दास का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। दोनों की स्थिति गंभीर है। घटना के बाद ऑटो चालक फरार हो गया। घटना के बाद आसपास लोगों की वहां भीड़ लग गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राॅली में बालू लोड कर जलालगढ़ की ओर जा रही थी। कुछ देर पहले ही ट्राॅली का टायर पंचर हो गया। जिसके बाद बिना नंबर की ट्राॅली को सड़क पर ही खड़ी कर चालक ट्रैक्टर लेकर चला गया। इसी क्रम में अररिया से पूर्णिया की जा रही ऑटो ने ट्राॅली में टक्कर मार दी।