- Hindi News
- National
- Medininagar News Chatra Mp Raised The Demand For Giving Agriculture Status To Lacquer Farming
लाह की खेती को कृषि का दर्जा देने की मांग चतरा सांसद ने सदन में उठाई
चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह ने लोकसभा में नियम 377 के तहत झारखंड झारखण्ड में पलाश पर लाह की खेती को वन उत्पादन की श्रेणी से कृषि कार्य के रूप में किये जाने मांग की। यह जानकारी सांसद के निजी सचिव ने दी । उन्होंने बताया कि सिंह ने लोकसभा में बताया कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों में एक पलाश सभी जिलों और प्रखंडों में प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है। पलाश पर लाह की खेती अन्नदाता की कृषि प्रणाली के समानांतर है लेकिन झारखण्ड में लाह की खेती को इसके बावजूद वन उत्पादन की श्रेणी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा लाख उत्पादक राज्य झारखंड है और इसके बढ़ने की भी पूरी संभावना है। भारत द्वारा उत्पादित लाख विश्व के 50 से अधिक देशों में निर्यात किया जाता है और वहाँ सामग्रियों का निर्माण कर महंगे दामों में भारत को बेचा जाता है। लाख का उपयोग कॉस्मेटिक इंडस्ट्री, इलेक्ट्रिक इंडस्ट्री, मशीनरी, डिफेंस, फूड इंडस्ट्री इत्यादि सभी जगहों पर उपयोग किया जाता है। पलाश और अन्य लाख पोषक वृक्षों के संरक्षण-सम्वर्धन और प्रबंधन की व्यवस्था किसानों को देने की जरूरत है। जिसके माध्यम से लाखों ग्रामीण स्वरोजगार प्राप्त कर बेरोजगारी, पलायन और भुखमरी से निजात पा सकते हैं और राज्य के ग्रामों में लघु एवं कुटीर उद्योग की स्थापना सरलता से की जा सकती है। इस कार्य मे 90 प्रतिशत महिलाओं की सहभागिता होती है।
उल्लेखनीय है कि झारखंड में कुल 12 लाह फार्म हैं जो विभाग के निष्क्रियता के कारण राज्य को अरबों का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन 12 लाह फार्म में से एकमात्र पलामू के एशिया फेम कुंदरी लाह बागान को ग्रामीणों की जागरुकता और निःस्वार्थ भावना के कारण उत्पादन शुरू कराया जा सका है। जो पुनः बर्बादी के कगार पर खड़ा है। वन विभाग के खर्च और उत्पादन की तुलना करने से ही स्पष्ट हो जाएगा। चतरा सांसद सुनील कुमार सिंह ने सरकार से मांग की है कि लाह के विकास और झारखण्ड के स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के लिए लाह की खेती को कृषि का दर्जा दिया जायें। साथ ही लाह पोषक वृक्षों के संरक्षण-संवर्धन एवं प्रबंधन का अधिकार स्थानीय ग्रामीणों को दिया जाए।