आधी आबादी के हाथ में विकास की डोर ः डीसी
अंर्तराष्ट्रीय महिला दिवस पर बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग ने रविवार को जागरुकता रथ रवाना किया। रथ रवाना के साथ ही जिले में सही पोषण, देश रोशन की थीम महिला विषय पर आठ से 22 मार्च तक पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम शुरू हुआ। जिला समाहरणालय परिसर से उपायुक्त जिशान कमर व आंगनबाड़ी सहायिका ने संयुक्त रूप से हरि झंडी दिखा कर जागरूकता रथ रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि आधी आबादी के हाथ में विकास की डोर है । महिला स्वस्थ्य रहेगी तो निश्चित ही देश एवं समाज विकास के पथ पर चल पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सिर्फ पोषण पखवारे तक ही यह अभियान नहीं चलाएं, बल्कि यह अभियान तब तक चलाएं, जबतक कि जिले के प्रत्येक बच्चे, किशोरी एवं महिलाएं कुपोषण मुक्त होकर स्वस्थ्य नहीं जो जाएं। उपायुक्त ने कुपोषण मुक्ति के लिए संचालित याेजनाओं की भी जानकारी दी एवं उसका लाभ पहुंचाने के सभी वर्गों से सहभागिता निभाने की अपील की। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी प्रीति सिन्हा ने पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम की जानकारी दी । मौके पर डीएसई छठु विजय सिंह, सीएस डाॅॅॅ. एसपी शर्मा, जिला कल्याण पदाधिकारी विष्णु प्रसाद पंडित, डीपीएम सचिन साहू, आईपी ग्लोबल के क्षेत्रीय समन्वयक आरिफ हुसैन, कार्यालय सहायक विनोद भगत, एनएनएम विकास केशरी, महिला पर्यवेक्षिका अंजनी कुमारी वर्मा, नीतू कुमारी, ज्ञानी बाड़ा, मनोज कुमार समेत कई सेविका व सहायिका मौजूद थी।