- Hindi News
- National
- Medininagar News Do The Medical Test Of The Students Of Kasturba School Returning After The Holiday
छुट्टी के बाद लौटने वाली कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं का मेडिकल टेस्ट जरूर कराएं
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अरविन्द विजय बिलुंग ने गुरुवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की वार्डन की प्रमंडल स्तरीय बैठक में निर्देश दिया कि लंबी छुट्टी के बाद छात्राओं के स्कूल लौटने पर उनका मेडिकल टेस्ट कराएं। साथ ही वार्डन यह भी सुनिश्चित करें कि छात्रा अधिकृत व्यक्ति के साथ विद्यालय लौटी है या नहीं। क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि अभी गढ़वा और लातेहार जिले के कतिपय विद्यालयों में कुछ बातें देखने को मिली है , जिससे सबक लेते हुए यह कदम उठाया जाना विद्यालय के हित में होगा।
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने सभी वार्डन को निर्देश दिया कि छात्राओं के बौद्धिक विकास के लिए जो फंड का आवंटन किया गया है , उसका इस्तेमाल हर हाल में करें। छात्राओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए व्यवसायिक शिक्षा व प्रशिक्षण की व्यवस्था के लिए फंड आवंटन किया गया है, लेकिन पूरे प्रमंडल में किसी भी विद्यालय में यह राशि खर्च नहीं की गई है । जब सरकार ने छात्राओं के विकास के लिए राशि का आवंटन सुनिश्चित किया है तो उसका इस्तेमाल होना चाहिए । उन्होंने बताया कि प्रमंडल में 40 कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हैं जहां प्रत्येक विद्यालय में इस मद में 175000 रुपए का आवंटन किया गया है।
स्मार्ट क्लास का हो संचालन
कस्तूरबा गांधी विद्यालय में स्मार्ट का क्लास का संचालन होना चाहिए । इसके लिए शिक्षिकाओं को ध्यान देना चाहिए। कहीं कोई प्रॉब्लम हो तो तत्काल विभाग से संपर्क कर इस दिशा में मार्गदर्शन प्राप्त करना चाहिए । क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने वार्डन को स्पष्ट निर्देश दिया कि रोकड़ पंजी का अधतन ऑडिट कराना भी जरूरी है। इसके लिए विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक नियमित होनी चाहिए । यह सभी वार्डन सुनिश्चित करें कि प्रबंधन समिति की बैठक निर्धारित समय पर हो रही है अथवा नहीं ।
समन्वय बना कर रहें शिक्षिकाएं
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक की बैठक में यह निर्देश दिया गया कि सभी कस्तूरबा बालिका विद्यालय की शिक्षिका आपस में समन्वय बनाकर रहें ताकि शैक्षणिक माहौल दुरुस्त हो सके। आपस में किसी तरह का मनमुटाव विद्यालय के विकास पर प्रतिकूल असर डालेगा। ऐसे में वार्डन का दायित्व है कि वे मिलजुल कर काम करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी वार्डन दो साल के लिए ही बनती हैं इसलिए काम सुचारू रूप से करने के लिए आपसी संबंध का होना जरूरी है ।
सीसीटीवी कैमरे की शिक्षिका से कराए माॅनिटरिंग
बैठक में वार्डन को यह सुनिश्चित कराने को कहा गया कि वह सीसीटीवी कैमरा की मॉनिटरिंग अपने विद्यालय की शिक्षिकाओं से हर हाल में कराएंगी। कक्षा के बाहर जो भी सीसीटीवी कैमरा लगा है, उसकी निगरानी लीजर घंटी की शिक्षिका करें। यह रूटीन बनाकर सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि स्कूल की गतिविधियों को ठीक तरह से संचालित किया जा सके। कहीं कोई बात सीसीटीवी कैमरा में नजर आए तो तुरंत नोट डाउन कर उसे संबंधित अधिकारी व विद्यालय प्रबंधन के समक्ष तत्काल रखना चाहिए । सप्लायर से किसी भी सामाान को लेने के पूर्व उसकी एक्सपायरी डेट अवश्य देखकर रिसीव करने का निर्देश बैठक में दिया गया । एक्सपायरी सामग्री का आवंटन आपूर्तिकर्ता के द्वारा किया जाता है जिससे कई तरह की बीमारी का खतरा छात्राओं को रहता है ।
अभिभावक के साथ ही छात्राओं को घर भेजंे
गुमसुम रहने वाली छात्राओं की हो काउंसलिंग
वार्डन यह भी सुनिश्चित करें कि छात्रा अधिकृत व्यक्ति के साथ विद्यालय लौटी है या नहीं
क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक ने बैठक में कहा कि जिन अभिभावकों का फोटोग्राफ्स विद्यालय के रजिस्टर में है, उन्हीं के साथ छात्राओं को आने जाने की अनुमति विद्यालय प्रबंधन के द्वारा दी जानी चाहिए।
क्षेत्रीय शिक्षा उप निदेशक ने बताया कि कस्तूरबा विद्यालय में जो छात्राएं गुमसुम रहती हैं, उन्हें चिह्नित कर उनसे बातचीत करने का प्रयास शिक्षकों को करना चाहिए । उनके मनोविज्ञान को समझने का प्रयास शिक्षिका करें।