सामूहिक विवाह में आठ जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
प्रखंड के हिसरा काली मंदिर के प्रांगण में रविवार को महिला दिवस के अवसर पर सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पांडू प्रखंड के कजरु कला सामूहिक विवाह कमेटी द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में क्षेत्र के आठ जोड़े वर व वधु शामिल होकर पवित्र विवाह के परिणय सूत्र में बंधे। इस अवसर पर देवी मंडप प्रांगण में पंडित सुरेन्द्राचार्य ने वेद मंत्रों से विवाह कार्य संपन्न कराया। वर-वधु को आशीर्वाद देने के लिए दोनों पक्ष के परिवारों के अलावे क्षेत्र से काफी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद थे। इस कार्य में सामूहिक विवाह कमेटी के सहयोग करने को लेकर पांडू स्वयं सेवक संघ के सदस्य लगातार तत्पर रहे। आयोजक कमेटी के लोगों द्वारा सभी वर व वधू को, वस्त्र, बर्तन एव अनाज देकर उनकी वैवाहिक जीवन सफल हो इस कामना के साथ विदा किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के प्रसिद्ध गायक सुदर्शन निराला, पप्पू हलचल आदि कलाकारों द्वारा, होली व कन्यादान गीत की प्रस्तुति कर लोगों का भरपूर मनोरंजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजक कमेटी अध्यक्ष अनूप शुक्ला ने कहा कि जिस तरह से सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने में क्षेत्र के लोगों ने सहयोग किया उसके लिए आयोजक कमेटी आभारी है। इसी तरह लोगों का सहयोग रहा तो आगे भी सामाजिक कार्यों में यह कमेटी बढ़चढ़ कर कार्य करेगी। वहीं पांडू जिप सदस्य सह कमेटी के सचिव अनिल चंद्रवंशी ने कहा कि आज समाज में दहेज प्रथा बढ़ने के कारण गरीब परिवार का गुजारा होना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई गरीब परिवार की लड़कियों की शादी दहेज देने का पैसा नही रहने के कारण प्रभावित रहती है। उन्होंने कहा कि वैसे गरीब परिवार के कन्याओं की शादी कराने को लेकर सामूहिक विवाह कमिटी कजरु कला, पांडू हमेशा तत्पर रहेगी। इस अवसर भाजपा नेता डॉ. ईश्वर सागर चंद्रवंशी, पूर्व प्रमुख अनूप गुप्ता, फुलिया मुखिया देवेंदर प्रसाद, इंदु शर्मा, रामबिलास सिंह, दिनेश कश्यप सहित कई लोगों ने वर वधु को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर आयोजक कमिटी के आनन्द कुमार शर्मा, शेर अहमद, मनोज कुमार राम, राजेश चंद्रवंसी, शकिन्दर मेहता, सुनील पाल, महेन्द्र प्रसाद साहू , सोबराती अंसारी आदि शामिल थे।