बालूमाथ में हांडी फोड़ प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
बालूमाथ|बालूमाथ प्रखंड में रंगों का त्योहार होली पूरे हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। बालूमाथ प्रखंड मुख्यालय के चट्टी टोला, तेली टोला, दुर्गा मंडप समेत कई स्थानों पर हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। होली के मौके पर कई टोलों में दर्जनों युवाओं ने डीजे के साउंड पर जुलूस निकाला एवं होली के गीत पर लोग जमकर थिरकते नजर आए। इस दौरान जुलूस में शामिल लोग पटाखे छोड़ते हुए कीर्तन भजन भी कर रहे थे तथा एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। इस दौरान बालूमाथ पुलिस इंस्पेक्टर राजेश मंडल एवं बालूमाथ के कई पुलिस पदाधिकारी सड़कों पर गश्त लगाते नजर आए। होली के मौके पर मुर्गा, मटन व चिकन की दुकानों में भीड़ लगी रही। जिला प्रशासन के निर्देश के बावजूद भी होली से एक दिन पहले रात्रि 10:00 बजे रात तक धड़ल्ले से दुकानों में शराब की विक्री होती रही। निर्धारित मूल्य से डेढ़ गुना दाम में दुकानदारों ने शराब बेचे। इससे पूर्व सोमवार की देर शाम होलिका दहन संपन्न हुआ। लोगों ने होलिका दहन के भस्म से भी होली खेली।