प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विष्णुकांत सहाय के निर्देश पर लातेहार व्यवहार न्यायालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पीडीजे विष्णुकांत सहाय ने दीप प्रज्वलित कर किया। राष्ट्रीय लोक अदालत मेें कुल तीन बेंच बनाए गए थे, जिसमें कुल 311 मामलों का निष्पादन किया गया एवं 96 लाख 85 हजार 503 रुपए का सेटलमेंट किया गया। जबकि मोटर वाहन दुर्घटना वाद में लाभुकों को पांच लाख 72 हजार 598 रुपए का चेक प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन जिला विधिक सेवा प्राधिकार लातेहार की सचिव अर्चना कुमारी ने किया। कार्यक्रम में पीडीजे सहाय ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक ऐसा मंच है, जहां न कोई हारता है और न कोई जीतता है। यहां विवादों का निपटारा आपसी सहमति से होता है। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली नि:शुल्क सेवाओं, मध्यस्थता एवं कानून से संबंधित कई जानकारियां दी। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय अनिल कुमार पांडेय ने उपस्थित लोगों को कानून संबंधी तथा राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं को राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। जिला अधिवक्ता संघ लातेहार के अध्यक्ष अरूण कुमार द्विवेदी एवं वरीय अधिवक्ता राजमणि प्रसाद ने भी राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और प्राधिकार द्वारा दी जाने वाली विधिक सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर सीजेएम मो. तौफिक अहमद, एसीजेएम पीयूष श्रीवास्तव उपस्थित थे।