बालूमाथ में हादसे में चार लोग घायल, दो रेफर
बालूमाथ|बालूमाथ थाना क्षेत्र में होली के दिन मंगलवार को चार अलग-अलग हुए घटना में चार लोग घायल हो गए। पहली घटना बालूमाथ-फुलसू पथ पर डाढ़ा मोड़ के पास हुई। डाढ़ा ग्राम निवासी उत्तर सिंह पिता ललित सिंह अपने घर से रिश्तेदार के घर लाटू जाने क्रम में मोटरसाइकिल से असंतुलित होकर गिर गए। आसपास के ग्रामीणों ने उत्तर सिंह को घायल अवस्था में बालूमाथ अस्पताल लाया। यहां चिकित्सक डॉक्टर पुरुषोत्तम कुमार द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज हेतु उन्हें रिम्स रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार उत्तर सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी है। दूसरी घटना में बालूमाथ थाना क्षेत्र के पुकचु गांव निवासी विजय गंझु बालूमाथ व बारियातू के बीच बरनी के समीप मोटरसाइकिल से असंतुलित होकर गिर गया, जिससे वह घायल हो गया। परिजनों द्वारा घायल अवस्था में विजय को बालूमाथ अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा इलाज कर उसे छुट्टी दे दी गई। तीसरी घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र केरी गांव में हुई, जहां सुकरी देवी ने घर में लिपाई-पुताई करने के दौरान सीढ़ी से गिर गई जिससे सुकरी देवी का कंधा टूट गया। परिजनों द्वारा उसे बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टर पुरुषोत्तम कुमार द्वारा प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज हेतु उसे रेफर कर दिया गया। वहीं, चौथी घटना बालूमाथ थाना क्षेत्र के रेंची गांव निवासी शिवकुमार होली के मौके पर पटाखा छोड़ने के दौरान एक पटाखा उसके हाथ में ही फट गया ,जिससे उसका हाथ झुलस गया। परिजनों ने शिवपूजन को अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी।