पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Latehar News Junior Children Beaten By Senior Children At Navodaya School 26 Students Suspended

नवोदय स्कूल में सीनियर बच्चों ने जूनियर को पीटा, 26 छात्र निलंबित

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

जिला मुख्यालय के बाजकुम स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में होलिका दहन के दिन सोमवार की रात्रि करीब 11 बजे से एक बजे तक सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर बच्चों की पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद बच्चों में डर का माहौल बना हुआ है। जूनियर छात्रों ने जब अपने-अपने अभिभावकों काे घटना की जानकारी दी तो अभिभावक मंगलवार को विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों व प्राचार्य से बात की। प्राचार्य की बातों से संतुष्ट अभिभावकों ने हंगामा भी किया। इसके बाद मौके पर पहुंचे सदर थाना प्रभारी अमित कुमार गुप्ता ने अभिभावकों को समझा-बुझाकर शांत किया।

अभिभावकों का कहना था कि स्कूल प्रशासन की अनदेखी के कारण मारपीट की घटना हुई है। सीनियर बच्चे जूनियर बच्चों को मारपीट कर प्रताड़ित कर रहे हैं। स्कूल प्रशासन को घटना की जानकारी है, फिर भी वे मामले को रफा-दफा करने में लगे हुए हैं। इधर, पीटे गए जूनियर बच्चों का कहना है कि सोमवार को हमलोग बास्केट ग्राउंड से होलिका दहन कर अपने हाउस जा रहे थे। इसी दौरान सीनियर छात्रों द्वारा रोककर मारपीट किया जाने लगा। इसके बाद हमलोग हाउस आ गए। इसके बाद वहां भी सीनियर बच्चे आए और सातवां, आठवां व नौंवा क्लास के एक-एक बच्चों को बुलाकर सभी बच्चों के साथ मारपीट की गई। मारपीट के दौरान हाउसकीपर मौजूद थे, फिर भी हमलोगों को बचाने का प्रयास नहीं किया गया। मारपीट से कई बच्चों को सिर और शरीर में चोट भी आई है। प्राचार्य मिथिलेश पांडेय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मारपीट की घटना हुई है। लड़की हॉस्टल में ताक-झांक करने को लेकर सीनियर बच्चों ने जूनियर बच्चों को पीटा है। बच्चों के आवेदन के हिसाब से मारपीट करनेवाले 16 सीनियर बच्चों को 15 दिन के लिए क्लास से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, सीनियर बच्चों द्वारा लिखित आवेदन में बताया गया है कि 10 जूनियर बच्चे गर्ल्स हॉस्टल में ताक-झांक कर रहे थे, जहां मेरी बहन भी पढ़ाई करती है। इसी वजह से मारपीट की गई है। इन 10 बच्चों को भी क्लास से निलंबित कर दिया गया है। हालांकि, मारपीट करनेवाले सभी 16 बच्चे नियमित स्कूल में परीक्षा देने आ रहे हैं, जिससे अभिभावकों में आक्रोश देखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं...