पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Medininagar News Koyal River Channel Dried Up In 10 Days Due To Filling Of Sand Water Supply Affected

बालू भरने से 10 दिन में ही कोयल नदी का चैनल सूख गया, जलापूर्ति प्रभावित

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

अधूरी शहरी जलापूर्ति योजना के तहत कोयल नदी में काटा गया चैनल दस दिन में बालू के भर जाने से सूख गया । इससे चैनल में पानी आना बंद हो गया है। चैनल के सूख जाने से उससे जुड़े बेलवाटिका पंप हाउस के 60-60 एचपी के दो पंप को पानी मिलना बंद हो गया है। इस कारण मंगलवार से पंप हाउस में पानी का भंडारण नहीं हो सका है। इससे बुधवार को शहरी क्षेत्र में कहीं जलापूर्ति नहीं की गयी और गुरुवार को भी जलापूर्ति के आसार नहीं है ।

इसके पहले मंगलवार को होली के दिन पूर्व से जमा पानी का आपूर्ति छिटपुट रुप से किया गया। दो दिनों से पानी नहीं मिलने से शहरी क्षेत्र में पेयजल के लिए हाहाकार मच गया। शहर के ड्राइजोन हमीदगंज, कुंड मुहल्ला और आबादगंज में लोगों को पेयजल के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस संबंध में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार सिंह ने कहा कि कोयल नदी में काटे गए चैनल के बालू से भर जाने से पंप को पानी मिलना बंद हो गया है। इस कारण जल का भंडारण नहीं हो सका है। इस संबंध में नगर आयुक्त से जेसीबी उपलब्ध कराने का आग्रह किया जाएगा । गुरुवार को जेसीबी मिलने की संभावना है। उन्होंने बताया कि जेसीबी से चैनल में जमा बालू को हटाकर गहरीकरण किया जाएगा। इससे चैनल में पानी आने से पंप को पर्याप्त पानी मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि नगर निगम के द्वारा गुरुवार को जेसीबी उपलब्ध करा दिया गया तो शुक्रवार से शहरी जलापूर्ति समान्य हो जाएगी।

नदी में पानी आने से भरा चैनल

बीते दस दिनों से बेमौसम बारिश होने और कोयल नदी के उपरी भाग में ज्यादा बारिश होने के कारण कोयल नदी के पानी में बढ़ोत्तरी हुई थी ।शनिवार की रात में कोयल नदी में पानी बढ़ जाने से चैनल का उपरी भाग बालू से भर गया और उसमें गंदा पानी जमा हो गया था । इस कारण रविवार को जलापूर्ति नहीं की गयी । सोमवार को नदी में कम होने के बाद उसका संग्रह किया गया और सोमवार, मंगलवार को आंशिक जलापूर्ति की गयी । उसके बाद चैनल से पंप को पानी मिलना बंद हो गया । जिस कारण बुधवार को जलापूर्ति नहीं की गयी और गुरुवार को भी होने की संभावना नहीं है । गौरतलब है कि बेलवाटिका पंप हाउस के विपरीत दिशा में शाहपुर क्षेत्र में कोयल नदी से वैध/अवैध रुप से अंधाधुंध बालू का उठाव किए जाने से जलधारा पंप हाउस से हटकर बीच में बहने लगी। इस कारण बेलवाटिका पंप हाउस के पंप को पानी नहीं मिलने से नदी में जेसीबी से चैनल काटा गया है,जिससे पंप हाउस में लगे पंप को पानी मिलता है। 15-20 दिन के अंतराल पर चैनल बालू से भर जाता है जिससे जलापूर्ति प्रभावित होती है। उसके बाद जेसीबी से चैनल से बालू को निकाला जाता है। बरसात के समय से यही प्रक्रिया निरंतर जारी है।

खबरें और भी हैं...