22 तक मनाया जाएगा राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा
समाज कल्याण विभाग की ओर से जिले में 8 से 22 मार्च तक राष्ट्रीय पोषण पखवाड़ा का आयोजन किया गया है। उप विकास आयुक्त बिंदु माधव प्रसाद सिंह ने रविवार को जिला समाज कल्याण विभाग के पोषण जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने पोषण मुक्त जिला के निर्माण के लिए आमजनों से सहयोग की अपील की। इसके अलावे उन्होंने सभी विभागों को आपस में समन्वय बनाकर काम करने की बात कही ताकि इस अभियान को सफल बनाया जा सके।उन्होंने बताया कि पोषण पखवाड़ा के तहत पोषण रथ 15 दिनों तक जिले के विभिन्न प्रखंड, पंचायत व गांवों में जाकर आमजनों को जागरूक करेगा। वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों में होने वाली गतिविधियों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पोषण पखवाड़ा के तहत किशोरियों में खून की कमी की समस्या का भी समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रथ के माध्यम से लोगों को कुपोषण के प्रति, बच्चों के स्वास्थ्य की देखभाल, भोजन, लड़कियों की शिक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। प्रभारी जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आफताब आलम ने बताया कि एनीमिया से रोकथाम के लिए बच्चों के आयरन युक्त पौष्टिक आहार, स्वच्छता आदि जरूरी है। सही पोषण से ही देश रोशन होने की कल्पना की गयी है। पोषण रथ से आमजनों में जागरुकता आएगी। उन्होंने कहा कि कुपोषण को दूर करने में आंगनबाड़ी की मुख्य भूमिका है। मौके पर लोगों को ही पोषण देश राेशन के तहत शपथ दिलाई गई।