यस बैंक में एसबीआई की हिस्सेदारी 3 साल तक 26% से ज्यादा रहेगीः निर्मला
आईसीआईसीआई और एचडीएफसी करेंगे 1-1 हजार करोड़ का निवेश
नई दिल्ली|वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को यस बैंक को बचाने के प्लान की घोषणा की। उन्होंने कहा कि एसबीआई की से यस बैंक की 49 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी जाएगी। अन्य निवेशकों को भी आमंत्रित किया गया है। एसबीआई की ओर से निवेश की गई रकम के साथ यह शर्त भी होगी कि उसकी कम से कम 26 फीसदी हिस्सेदारी अगले तीन सालों तक कायम रहेगी। इसके अलावा अन्य निवेशक अपने निवेश का 75 फीसदी हिस्सा तीन साल तक यस बैंक में रखेंगे। वित्त मंत्री ने कहा कि जल्दी ही बैंक रिकंस्ट्रक्शन स्कीम की घोषणा की जाएगी। घोषणा के तीन दिन के अंदर बैंक पर लगी पाबंदियां हटा ली जाएंगी।
वित्तीय संकट से जूझ रहे यस बैंक को एसबीआई के अलावा आईसीआईसीआई बैंक सहित अन्य निवेशक भी मिलने जा रहे हैं। आईसीआईसीआई बैंक ने शुक्रवार को कहा कि वह यस बैंक में 1,000 करोड़ रुपए का निवेश करेगा। बैंक ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा कि इस निवेश से आईसीआईसीआई बैंक की यस बैंक में हिस्सेदारी पांच प्रतिशत से अधिक हो जाएगी। एचडीएफसी बैंक ने भी यस बैंक में हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इसके लिए वह 1000 करोड़ रुपए निवेश करेगा।