रंगाें से सराबाेर रहा जिला, जम कर खेली गई होली
जिलेभर में मंगलवार को महापर्व होली शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। लोगों ने रंगों की बरसात कर खुशियों की मिठास के बीच यह त्याेहार मनाया। लातेहार में सुबह होते ही लोगों का हुजूम सड़कों पर उतर आया। रंग भरी पिचकारी अबीर व गुलाल लिए बच्चे रंग-बिरंगे चेहरे पर रंग अबीर उड़ाते रहे। विभिन्न चौक-चौराहों व मोहल्ला में लाउडस्पीकर से बजते होली के गीतों में लोग थिरकते दिखे गए। शहर के डुरुआ स्टेशन क्षेत्र स्थित फुटानी चौक में युवकों की टोली ने कीचड़ व कोयले के राख से होली खेली। जबकि, स्टेशन चौक में जुटे बच्चों की टोली ने कुर्ता फाड़ होली खेली। कई जगह मटका फोड़ प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। वहीं कई कीर्तन मंडली होली का फगुआ गीत गाते हुए नगर भ्रमण किया। इससे पहले विभिन्न टोला मोहल्ला में होलिका दहन कार्यक्रम हुआ। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इधर, एसपी प्रशांत आनंद के निर्देश पर होली के त्योहार के मद्देनजर जिले के सभी चौक-चौराहों पर महिला पुलिस समेत जिला पुलिस बल के जवान तैनात देखे गए।