- Hindi News
- National
- Betla News The Tigers Will Be Brought From Madhya Pradesh In Betla The Park Will Be Developed And Developed Dk Tiwari
बेतला में मध्य प्रदेश से लाएं जाएंगे बाघ, पार्क को किया जाएगा और विकसित ः डीके तिवारी
दो दिनों के प्रवास के दौरान पलामू व्याघ्र परियोजना क्षेत्र के बेतला नेशनल पार्क पहुंचे झारखंड के मुख्य सचिव डीके तिवारी नेे सोमवार को कहा कि पलामू टाइगर रिजर्व में व्याघ्र संरक्षण के लिए सुरक्षित वन क्षेत्र के पूर्व से तय गांव के विस्थापित होनेवाले लोगों को पुनर्वासित करना जरूरी है। इसके लिए अगले सप्ताह वनाधिकारियों के साथ होनेवाली उच्च स्तरीय बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बेतला नेशनल पार्क में टाइगर लाने के लिए सरकार से आग्रह किया जाएगा। यहां मध्यप्रदेश या अन्य जगहों से टाइगर लाया जाएगा। इसके लिए जंगलों का क्षेत्रफल अधिक होना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पूरे भारत में बाघों की संख्या बढ़ी है, जिसका हमलोग फायदा उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पलामू किला व बेतला नेशनल पार्क को विकसित करना बहुत जरूरी है। पलामू किले को प्राइवेट सेक्टर से जोड़कर विकसित किया जा सकता है। बेतला नेशनल पार्क के अंदर वन अधिकारियों को लगन और कड़ी मेहनत से कार्य करने का मुुख्य सचिव ने निर्देश दिया है। मुख्य सचिव बेतला नेशनल पार्क में हिरण, बाइसन, हाथी, लोमड़ी समेत अन्य वन्य प्राणियों के देखकर खुश हुए। उन्होंने पालतू हाथियों को अपने हाथों से केला भी खिलाया। उन्होंने कहा कि किले और पार्क के विकसित होने पर सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी और इस क्षेत्र का भी विकास होगा। वनाधिकारियों ने शॉल देकर मुख्य सचिव को विदा किया। इनके साथ पूर्व वन सचिव अलका तिवारी भी मौजूद थीं। इस अवसर पर डीएफओ कुमार आशीष, रेंजर प्रेम प्रसाद, बीडीओ दिनेश कुमार, फोरेस्टर मनी यादव समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।