लेवी वसूलने आए जेजेएमपी के दो उग्रवादी गिरफ्तार
महुआडांड़ | लातेहार पुलिस अधीक्षक प्रशांत आनंद के निर्देश पर महुआडांड़ थाना पुलिस ने गुरुवार को बिरसा मुंडा चौक के पास से छापेमारी कर प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जनमुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार उग्रवादियों में नीरज कुमार पिता स्व. शिवशंकर राम (रेलवे कॉलोनी, बरवाडीह) व जीतेंद्र राम पिता गेंदा राम (उक्कामांड़, बरवाडीह) शामिल हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी महेन्द्र करमाली ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि लेवी वसूलने के लिए जेजेएमपी के सक्रिय सदस्य थाना क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना के आधार पर छापामारी की गयी एवं दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान इन दोनों के पास से लेवी में वसूले गए 20 हजार रुपए, दो मोबाइल एवं एक मोटरसाइकिल (जेएच01डीजे- 6154) को भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि जितेंद्र राम पर पूर्व से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में महुआडांड़ थाना में कांड संख्या 16/2020 के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में पुअनि ठाकुर प्रसाद सिंह, सअनि कौशल किशोर शर्मा के साथ सैप के जवान व जिला पुलिस के हवलदार राम वीरेंद्र गिरि शामिल थे।