- Hindi News
- National
- Barwadih News Use Of Substandard Metal And Cement In The Road From Tongari To Harhe Naka
टोंगारी से हरहे नाका तक बन रही सड़क में घटिया मेटल और सीमेंट का उपयोग
बरवाडीह प्रखंड के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत लात पंचायत में राज्य संपोषित योजना के तहत टोंगारी से हरहे नाका तक हो रहे सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा भारी अनियमितता बरती जा रही है। सड़क निर्माण कार्य में भारी मात्रा में अवैध पत्थर व मेटल का उपयोग किया जा रहा है। इस सड़क की स्थिति को देखकर लात पंचायत निवासी सह झारखंड आंदोलनकारी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अरुण सिंह ने कहा कि लात पंचायत में सड़क निर्माण में अवैध मेटल के अलावा घटिया सीमेंट और मसाला से सड़क की ढलाई की जा रही है। अरूण सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा लाखों रुपये का गबन किया जा रहा है और प्रशासन मूकदर्शक बना है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं किए जाने से ठेकेदार का मनोबल बढ़ा है। नतीजतन, सड़क निर्माण में खुलेआम अवैध पत्थर व मेटल का उपयोग किया जा रहा है। जब इस बारे में कार्य के मुंशी से पूछा गया तो उसने कहा कि सभी मेटल गुमला जिला से आ रहा है, जिसका चालान भी उपलब्ध है, लेकिन जब चालान दिखाने की बात कही गई तो मुंशी ने मेटल का चालान दिखाने से इनकार करते हुए कहा कि मेटल का चालान खनन विभाग देख सकता है। मैं आपको नहीं दिखाऊंगा। इधर, लात पंचायत के मुखिया जग सहाय सिंह ने कहा कि अभी तक मैंने इस सड़क की जांच नहीं की है, जिस कारण मैं कुछ नहीं बता सकता।
जांच कर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई : विधायक
मनिका के विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि मुझे सड़क निर्माण कार्य में संवेदक द्वारा अनियमितता बरते जाने की जानकारी मिली है। जल्द ही सड़क निर्माण कार्य की जांच कर संवेदक पर कार्रवाई की जाएगी। विकास योजना में किसी प्रकार की लापरवाही व अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
टोंगारी से हरहे नाका तक बन रही सड़क पर बिछाए गए घटिया मेटल।