- Hindi News
- National
- Harihargang News Villagers Blocked The Japla Pathra Road For Favoring The Police
पुलिस पर पक्षपात करने का अाराेप लगा ग्रामीणों ने जपला-पथरा रोड किया जाम
पिपरा थाना क्षेत्र के मसूरिया ग्राम में पुलिस पर पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बुधवार को थाना प्रभारी निरंजन कुमार का घेराव किया। साथ ही जपला पथरा रोड को जाम कर प्रदर्शन किया। बाद में थाना प्रभारी द्वारा निष्पक्षता पूर्वक इस मामले की जांच करने तथा दोषियों को गिरफ्तार करने की आश्वासन देने के बाद सड़क जाम हटाया गया। इस दौरान करीब 2 घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। मामलेे की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी शंभू कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस निरीक्षक पीडी मेहरा ने घटनास्थल पर जाकर तहकीकात किया।
ओझा गुणी का आरोप लगा कर सोमवार की रात मसूरिया के 60 वर्षीय विश्वनाथ यादव के साथ गांव के ही सुरेंद्र यादव व अन्य लोगों ने नोकझोंक की थी। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मंगलवार की सुबह करीब 6:00 बजे शौच करने जा रहे विश्वनाथ यादव को उन्हीं लोगों ने फिर जमकर पीटा। साथ ही बेहोशी की अवस्था में खेत में ही छोड़ दिया था। फिलहाल उनका इलाज मेदिनीनगर में चल रहा है। इस घटना में घायल विश्वनाथ यादव का पुत्र काशी यादव ने पिपरा थाना में सुरेंद्र यादव, नरेश यादव, मुन्ना यादव, सुरेश यादव सहित 15 लोगों को आरोपी बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करने का आवेदन देने गया। काशी ने बताया कि आवेदन देखकर थाना प्रभारी ने घायल को थाना लाने की बात कही। जब मैं घायल पिता को लाने के लिए घर आया। इस बीच आरोपियों ने थाना पहुंचकर विश्वनाथ यादव सहित तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज करा दी। उसने बताया कि थाना प्रभारी ने पक्षपात करते हुए प्रथम सूचक होने के बावजूद हमारे आवेदन पर द्वितीय पक्ष बनाते हुए कांड संख्या 18 /2020 दर्ज किया। जबकि मारपीट करने वाले तथा बाद में थाना पहुंचने वाले लोगों के आवेदन को प्रथम पक्ष बना कर कांड संख्या 17/ 2020 दर्ज किया है।