जंगली भालू के हमले में महिला गंभीर रूप से घायल, रेफर
जंगली भालू के हमले से घायल महिला।
महुआडांड़ | महुआडांड़ थाना क्षेत्र स्थित चीरोपाठ गांव के ढोढ़ाडीह टोले निवासी पडुआ नगेसिया की प|ी शांति नगेसिया को जंगली भालू ने हमला कर बुरी तरह से जख्मी कर दिया। इस हमले से शांति नगेसिया को माथा एवं चेहरे में बुरी तरह से चोट आई है। जानकारी के अनुसार वह रविवार को दिन के करीब दो बजे घर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में दातून एवं लकड़ी चुनने गई थी। उसी दौरान जंगली भालू ने उस पर हमला किया। हालांकि, महिला के शोर मचाए जाने पर जंगल की ओर गए अन्य लोगों ने आकर उसकी जान बचाई और घायल अवस्था में लेकर उसे घर लाया। इसके बाद परिजनों के द्वारा उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महुआडांड़ लाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. अमित के द्वारा प्राथमिक उपचार कर बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया गया। वनपाल अजय टोप्पो ने मुआवजे के तौर पर प्राथमिक उपचार के लिए तत्काल पांच हजार रुपये दिये हैं।