- Hindi News
- National
- Latehar News Women Will Have To Raise Their Voice For The Fight Taramani
महिलाओं को अपनी लड़ाई के लिए बुलंद करनी होगी आवाज ः तारामणी
हम भारत के नारी हैं, फूल नहीं चिंगारी है नारों के साथ रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर ग्राम स्वराज मजदूर संघ, महिला अधिकार संघर्ष समिति और एनसीडीएचआर के द्वारा जिले के मनिका हाई स्कूल के मैदान से जागरूकता रैली व सभा का आयोजन किया गया। यह रैली हाई स्कूल के मैदान से चल कर शहर का भ्रमण करते हुए प्रखंड कार्यालय परिसर में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। सभा को संबोधित करते हुए तारामणी साहू ने महिलाओं को महिला दिवस की बधाई देते हुए कहा कि आज महिलाओं को अपने लड़ाई के लिए आवाज बुलंद करना होगा, तभी महिलाओं को अधिकार मिलेगा और इसके लिए संगठित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि पुरुषवादी सत्ता चाहता है कि महिलाओं के अधिकार नहीं मिले, तभी तो आजादी के बाद आज तक महिलाओं को राजनीति में 33 प्रतिशत आरक्षण नहीं दिया। लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण बिल पास नहीं हो सका। ललिता देवी ने कहा कि आज महिलाओं पर अत्याचार और हिंसा का सिलसिला जारी है, क्योंकि महिलाओं के अधिकार के लिए बनाये गये कानून का सख्ती से पालन नहीं हो रहा है। रांची से आयी पल्लवी प्रतिभा ने कहा कि आखिर कब तक महिलाओं को सुरक्षा के नाम पर डराया जाता रहेगा और यह डर एक साजिश के तहत पैदा किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को अधिकार से वंचित रखा जा सके।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए सबिता कुमारी ने कहा कि आज भी समाज में बेटा और बेटी में काफी भेद भाव है। कार्यक्रम को सोहबिता देवी, प्रियंका देवी, कौशल्या देवी, कबूतरी देवी, बुधनी देवी, सुखमनी देवी, तेतरी देवी, फुलवसिया देवी, ग्राम स्रावज मजदूर संघ से पचाठी सिंह, कमलेश उरांव, रांची विश्वविद्यालय के प्रो. ज्यांद्रेज, झारखंड नरेगा वाॅच के राज्य संयोजक जेम्स हेरेंज, एनसीडीएचआर के राज्य संयोजक मिथिलेश कुमार सहित कई लोगांे ने संबोधित किया।
मनिका में सभा को संबोधित करती महिला अधिकार संघर्ष समिति की तारामणी साहू ।