• Hindi News
  • National
  • Mandu News Administration To Launch Awareness Campaign To Prevent Accident In Chuttupalu Valley

चुटूपालू घाटी में दुर्घटना रोकने के लिए जागरुकता अभियान चलाएगा प्रशासन

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बैठक में मौजूद एसडीओ सह डीटीओ अनंत कुमार और अन्य पदाधिकारी।

सड़क सुरक्षा समिति का निर्णय, टोल टैक्स में बांटे जाएंगे पंपलेट

भास्कर न्यूज | रामगढ़

चुटूपालू घाटी क्षेत्र में अाए दिन होने वाली दुर्घटना की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जागरुकता अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत वाहन से आने-जाने वाले लोगों के बीच बचाव संबंधित पंपलेट बांटे जाएंगे। तीखे और घुमावदार मोड़ को लेकर अलर्ट किया जाएगा। साथ ही घाटी क्षेत्र में दुर्घटना के प्रतीक चिन्हों को भी दुरुस्त किया जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को अनुमंडल भवन में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा की बैठक में लिया गया। अध्यक्षता कर रहे एसडीओ सह डीटीओ अनंत कुमार ने सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी चर्चा की।

साथ ही कुजू एनएच-33 के पहाड़ी क्षेत्र के गड्‌ढों को भरने, छत्तरमांडू से बाजारटांड़ तक की सड़क दुरुस्त करने का निर्देश एनएच के पदाधिकारियों को दिया। टोल टैक्स के समीप अभियान चलाकर भारी वाहनों की जांच करने का भी निर्देश दिया गया। मौके पर सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य मुख्यालय डीएसपी प्रकाश सोय, ट्रैफिक इंचार्ज विपिन कुमार, सिविल सर्जन डाॅ. मार्शल आइंद, एनएचएअाई 23 के मेंटनेंस हेड राहुल सिंह सहित पथ विभाग के प्रतिनिधि मौजूद थे।

कांकेबार चौक के समीप बनेगा यात्री शेड : विभिन्न स्थानों का रुख करने के लिए प्रति दिन सैकड़ों यात्री कांकेबार स्थित पटेल चौक पहुंचते हैं। इस बीच गरमी के दिनों में कड़ी धूप का सामना करना पड़ता है। साथ ही बरसात के दिनों में यात्री भीगने को मजबूर होते हैं। इसे देखते हुए सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यात्री शेड बनाने का प्रस्ताव विभाग को भेजने पर सहमति बनी। स्वीकृति मिलते ही यात्री शेड तैयार करने का निर्णय हुआ।

हटाए जाएंगी अवैध होर्डिंग : समिति की बैठक के दौरान अवैध होर्डिंग सहित अन्य सामग्री को भी दुर्घटना का अहम कारण माना गया। एसडीओ ने अभियान चलाकर अवैध होर्डिंग हटाने का निर्देश जारी किया। साथ ही सड़कों पर बिखरी अन्य सामग्रियों को भी हटाने की बात कही। इसके बाद जल्द कार्रवाई का प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया।