कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक हों
रजरप्पा कोयलांचल स्थित ऑफिसर्स क्लब में कोरोना वायरस से बचाव और रोकथाम के लिए सेमीनार का आयोजन किया गया। सेमीनार में मुख्य रूप से रजरप्पा महाप्रबंधक आलोक कुमार व परियोजना पदाधिकारी ओमप्रकाश चौबे मौजूद थे। इस दौरान देशभर में फैले कोरोना वायरस के कहर को देखते हुए इससे बचाव एवं रोकथाम को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। रजरप्पा स्थित सिल्वर जुबली अस्पताल के क्षेत्रीय चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एनके सिंह ने कोरना वायरस से बचाव को लेकर कई टिप्स दिए। डॉ. एनके सिंह ने कहा कि कोरना वायरस से बचने का सबसे सरल उपाय है साफ-सफाई। इसलिए हमसबों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए और समय-समय पर हाथों को अच्छे तरीके से धोना चाहिए। बीच-बीच में सैनिटाइजर का भी इस्तेमाल करते रहना चाहिए। यदि किसी को सर्दी-जुकाम है तो उन्हें लोगों से दूरी बनाए रखना चाहिए और खांसते व छींकते वक्त मुंह पर रुमाल अथवा टिशू पेपर ढंकना चाहिए। जबकि महाप्रबंधक आलोक कुमार ने कहा कि सामाजिक दायित्व के नाते हमारी जिम्मेदारी बनती है कि कामगारों एवं कमांड क्षेत्र के लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए जागरूक करें। कल होली के दिन लोगों का आपस में अधिक मिलना-जुलना होगा। इसे ध्यान में रखते हुए होली से एक दिन पूर्व हमलोगों ने यहां सेमीनार का आयोजन कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, श्रमिक प्रतिनिधि रमेश विश्वकर्मा एवं रामप्रसाद राम ने भी अपने विचार रखते हुए लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का संचालन उपप्रबंधक पीएन मिश्रा ने किया। सेमीनार में कोलवाशरी पीओ पीसी झा, एसओ एक्स नेहाल असगर, एसओ पीएंडए एसके गोस्वामी, एसओएम पीके रामदास, पीइएक्स डी रजक, शेफाली स्वरूप, एके सिन्हा, एस जमुआर, आंचल श्रीवास्तव, जयश्री चटर्जी, विवेक द्विवेदी, एएन सिंह, श्रमिक प्रतिनिधि हाजी अख्तर आजाद, अनिल प्रसाद, करमा मांझी, बीएल गोसाई, धनेश्वर राम, चरितर राम, विजय ठाकुर, अब्दुल शाहिद, पीए खान, अशोक महतो, ब्रजकिशोर पोद्दार, मोहरलाल महतो, एनके प्रसाद, सुनीता देवी, राधिका देवी, ललिता देवी सहित कई लोग शामिल थे।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग।