कोरोना का भय, रंग नहीं लोगों ने लगाए हर्बल गुलाल
कोयलांचल समेत आसपास के क्षेत्रों में होली मंगलवार को छिटपुट घटनाओं को छोड़कर शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। लोगों ने जमकर होली खेली। हालांकि पूरे देश में कोरोना वायरस के भय के
कारण कोयलांचल में भी लोगों ने रंगों के बजाय हर्बल गुलाल लगाना पसंद किया।
कोयलांचल में हर्बल रंग गुलाल की बिक्री जमकर हुई। जबकि दुकानदारों ने भी इस साल चाइनीज रंग गुलाल बेचने से परहेज किया। कुल मिलाकर कोरोना के भय के बावजूद लोगों ने जमकर होली खेली। रजरप्पा मोड में मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें युवाओं की टोली ने मिलकर मटका तोड़ा। वहीं, सुबह चितरपुर, छोटकी पोना, बड़कीपोना, मायल, मारंगमरचा, भुचूगंडीह, मुरुबंदा, सुकरीगढ़ा, कुदंरु और बारलौंग सहित कई क्षेत्रों में छोटे बड़े, बुजुर्ग और युवा युवतियों की टोलियों ने खूब मस्ती की।
हर चौक चौराहे में होली गीतों की धुन पर युवाओं की टोली थिरकते देखे गए। इधर, होली के पूर्व संध्या पर स्थानीय ऑफिसर्स क्लब में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन रजरप्पा जीएम आलोक कुमार ने किया। इसी प्रकार स्थानीय वर्कर्स क्लब में भी होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
सिरु में हुई मटका फोड़ प्रतियोगिता
दुलमी | दुलमी प्रखंड के सिरु करम अखरा में होली पर मटका फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस के युवा नेता सुधीर मंगलेश व विशिष्ट अतिथि युवा नेता उत्तम कुमार उपस्थित हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों ने फीता काटकर किया। मटका फोड़ने के लिए युवाओं मे काफी उत्साह देखा गया। मौके पर सुधीर मंगलेश ने कहा कि होली भाईचारगी का त्योहार है। जिसे सभी ने शांति और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया। मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगा कर होली की शुभकामना दी। साथ ही फगुआ व नागपुरी गानों पर लोग खूब झूमे।
होली में भी बिजली नहीं रहने से लोग परेशान
चितरपुर | चितरपुर में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोग परेशान हैं। विभाग के सूत्र बताते हैं कि डीवीसी के लोड शेडिंग के कारण बिजली संकट की स्थिति उत्पन्न हुई है। होली पर्व के दिन भी सुबह से रात तक बिजली की आंख-मिचौली जारी रही। शाम होते ही बिजली गुल हो गई। अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण क्षेत्र में अंधेरा पसरा रहा। होली के दूसरे दिन मंगलवार को भी यही स्थिती बनी हुई है। सुबह से ही बिजली गायब है।
गिद्दी कोयलांचल में धूमधाम से मनी होली
गिद्दी | गिद्दी कोयलांचल के गिद्दी, रेलीगढ़ा, गिद्दी सी और अगल-बगल के ग्रामीण क्षेत्रों में रंगों का त्योहार होली मंगलवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो गया। इस दौरान सुबह से ही दर्जनों महिला, पुरुष और बच्चे टोली बनाकर घर-घर जाकर एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली मनाई। वहीं शाम में एक-दूसरे के घर पर पहुंच पकवान का भी मजा लिया। साथ ही क्षेत्र में होली मंगलवार को पड़ जाने के कारण को मांस-मछली और शराब की बिक्री कम हुई।
चितरपुर में भी मनी होली, खूब उड़े रंग गुलाल
चितरपुर | चितरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को धूमधाम के साथ होली मनाया गया। इस दौरान लोगों ने जमकर रंग और गुलाल उड़ाया। होली को लेकर क्षेत्र के सभी दुकानें बंद रही। इस दौरान लोगों ने जमकर होली का मजा लिया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शांति रही। कहीं भी किसी भी तरह की अप्रिय घटना नहीं घटी। रजरप्पा पुलिस दिन भर गश्त लगाते हुए नजर आई। अगले सुबह से ही युवाओं की टोली होली खेलते नजर आए तथा कई जगह पर मटका फोड़ का भी आयोजन किया गया। होली खेलने में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। दोपहर के बाद महिलाएं भी झुंड बनाकर होली का आनंद उठाया। इधर गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी इस बार होली रांची स्थित अपने आवास में मनाया। इस दौरान उनके परिजनों के अलावा कई आजसू कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें रंग गुलाल लगाकर होली की बधाई दिया। मौके पर गिरिडीह सांसद ने कहा कि होली आपसी भाईचारगी का त्यौहार है। इस त्यौहार में लोग दुश्मन से भी गले लगकर गले शिकवे भूल जाते हैं। मौके पर समाजसेवी सुनीता चौधरी, रामगढ़ जिप अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो, नप उपाध्यक्ष मनोज महतो, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अमृतलाल मुंडा, गोपाल चौधरी, पवन शर्मा सहित कई मौजूद थे।
मांडू में होली धूमधाम व हर्षाेल्लास के साथ संपन्न
मांडू | रंगो का पर्व होली मांडू समेत आस पास के क्षेत्रों में धूमधाम व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। मौके पर सोमवार की संध्या मांडू के विभिन्न चाैक चाैराहों पर होलिका दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके बाद लोगों ने एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। यह सिलसिला मंगलवार की देर संध्या तक जारी रहा। इस दौरान लोगों ने दिन भर जमकर होली मनाई। इस बीच मांडू के कई चाैक चाैराहों पर लोगों ने डीजे के धुन पर खूब मस्ती की। लोगों ने मटका फोड़ होली का भी आनंद लिया। मांडू के हेसागढ़ा, पुंडी, गरगाली, बोंगाहारा समेत अनेक क्षेत्रों में सौहार्दपूर्ण होली मनाया।
हेसागढ़ा में होली का आनंद लेते लोग।
चितरपुर में होली खेलते लोग।
छोटकीपोना में आयोजित मटका तोड़ प्रतियोगिता में शामिल बच्चे।