कुजू में होली हर्षोल्लास के साथ संपन्न
प्रेम सौहार्द व भाईचारे का अनुपम महापर्व होली कुजू आसपास के क्षेत्रों में मंगलवार को हर्षोल्लास पूर्ण वातावरण में मनायी गयी।
रंगों की इन्द्रधनुषी फुहारों व अबीर-गुलाल के बीच ढोल मजीरा के धुन पर जोगीरा के राग के साथ अलमस्तों की टोली हुड़दंग करती सड़कों से लेकर गांवों की पगडंडियों तक भोर से लेकर देर रात तक झूमती-गाती रही। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने घर-घर जाकर एक दूसरे के संग होली खेली। रंग-अबीर व गुलाल लगाए। इस दौरान लोगों का स्वागत लजीज पकवानों के साथ किया गया।
कुल मिलाकर हर ओर मस्ती का आलम था। सभी आपस में गले मिलकर एक-दूसरे को होली की बधाइयां व शुभकामनाएं दे रहे थे। सोमवार की रात्रि होलिका दहन के पश्चात ही चहुंओर आनन्द धन बरसने लगा। महिलाएं पूरी रात विभिन्न प्रकार के पकवान बनाने में जुटी रहीं। होली को लेकर जिप सदस्य नरेश महतो द्वारा मुरपा स्थित आजसू कार्यालय में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जहां ढोल मजीरा के साथ जमकर गुलाल उड़े। होलिका दहन के लिए कुजू के समाजसेवी अर्जुन मेहता द्वारा लकड़ी की व्यवस्था की गई। निर्धारित समय पर जमुना पंडित द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच होलिका दहन की परम्परा को सम्पन्न कराया गया। होली शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कुजू पुलिस अलर्ट पर रही।
होली को लेकर ढोल मजीरा की थाप पर थिरकते लोग।