कुजू: होली के लिए सजी रंग-गुलाल की दुकान
क्षेत्र के गांव-गलियों और चौक चौराहों पर होली की बाजार- दुकानें सजने लगी हैं। रंग, पिचकारी, अबीर, मुखोटे आदि की दुकानें सज कर तैयार हैं। बारिश की किरकिरी के बावजूद लोगों में होली मनाने का उत्साह चरम पर है, और वे बाजार में खरीदारी को जुटे हैं। हर कोई अपने स्तर से होली का खर्चा जुगाड़ कर होली की मस्ती की तैयारी कर रहा है। बाजारों में बिक्री के लिए बकरे लाए जा रहे हैं। इधर मंगलवार पड़ जाने के कारण कई नॉनवेज के शौकीन सहित वेज व्यंजन पसंद करने वाले भी पनीर के लिए होटल तथा खटाल वालों को एडवांस बुकिंग कर रहे हैं। राशन की दुकानों में मैदा ,बेसन ,रिफाइन ,गरम मसाला, ड्राई फ्रूट्स ,कोल्ड ड्रिंक, ब्रेड चीनी आदि की डिमांड दुकानदारों से खरीदार कर रहे हैं। रविवार को बाजार का दिन होने के कारण सब्जी बाजार में भी लोगों ने अपनी जरूरत की सामान की खरीदारी की। सब्जी बाजार में ज्यादातर लोग कटहल, मटर, झंगरी चना, नींबू, प्याज, अदरक , लहसुन आदि खरीदकर झोला में डालते देखे जा रहें हैं। देर शाम तक शराब की दुकानों में लोगों की भारी भीड़ देखी जा रही है।