अफीम की खेती गैरकानूनी, होगी कार्रवाई
गोला थाना परिसर में शनिवार को थाना प्रभारी धनंजय प्रसाद के नेतृत्व में प्रखंड क्षेत्र के लिए कानूनी जागरुकता पर चर्चा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी धनंजय प्रसाद ने कहा कि अफीम की खेती करना गुनाह है। हमारे देश में पूर्ण प्रतिबंध है। साथ ही यह गैरकानूनी भी है। इसकी खेती करने और कराने वालों के साथ-साथ इस कारोबार में किसी भी तरह संलिप्तता पाए जाने पर कानूनी कार्रवाई होगी। इसमें आजीवन कारावास, दस वर्ष तक की सजा और दो लाख रुपए तक जुर्माना हो सकता है। यह कारोबार उग्रवादियों को संरक्षण देने वाला है। पुलिस की हेल्पलाइन नंबर 94 317 061 13, 96 310 76 114 पर तुरंत संपर्क करें। अफीम की खेती के बारे में अगर किसी सरकारी कर्मचारी, पंचायत सदस्य, पंचायत प्रधान, एवं ग्राम सभा, सदस्य को पता चले तो तुरंत इसकी सूचना प्रदान करें। इस दौरान अभिभावकों से कहा है कि वे अपने बच्चों को बाइक चलाने न दें। अगर बाइक चलाते हुए किसी भी तरह की दुर्घटना होती है, तो अभिभावकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह भी बताया गया कि शादी, त्योहारों और कार्यक्रमों में डीजे साउंड पर पूर्ण प्रतिबंध है। इस अवसर पर जेएसआई संतोष कुमार गुप्ता, मनी दीप, सुमित कुमार सिंह, कुंदन कुमार राव, योगेश रजक, परवेज अहमद खान, सृष्टिधर महतो, रामविनय कुमार, ब्रजकिशोर महतो, जयप्रकाश महतो, दाउद आलम, असगर, मुखीराम मुंडा, दिलीप महतो सहित दर्जनों मौजूद थे।
गिद्दी के डाड़ी में शिविर लगा 350 पशुओं की जांच
गिद्दी | कृषि, पशुपालन व सहकारिता विभाग ने डाड़ी ढठवाटाड़ में पशु जांच शिविर लगाया। शिविर में पशु चिकित्सक शशि भूषण सिन्हा ने 52 पशु पालकों के लगभग 350 पशुओं की निःशुल्क जांच की। इस दौरान पशु पालकों को दवाई के साथ-साथ पशुओं को बीमारियों न हो, इसके लिए उपाय बताए। मौके पर डाड़ी भाग दो जिला परिषद सदस्य लखन लाल महतो, मुखिया अनिता देवी, धर्मेंद्र तिवारी, मुनेश्वर बैठा, सरयू समेत दर्जनों पशुपालक मौजूद थे।
चर्चा में थाना प्रभारी व उपस्थित लोग।