पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • Ramgarh News Power Cuts Should Be Stopped In 24 Hours Otherwise Vigorous Movement Will Be Done

24 घंटे में बिजली कटौती बंद हो, नहीं तो किया जाएगा जोरदार अांदाेलन

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

होली के दिन से ही डीवीसी के 18 घंटे विद्युत कटौती किए जाने का रामगढ़ चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्रीज के पदाधिकारियों सहित भाजयुमो नेताओं ने विरोध जताया है। बुधवार को चैंबर अध्यक्ष विमल बुधिया और पूर्व अध्यक्ष बलजीत सिंह बेदी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल डीवीसी और जेवीयूएनएल के पदाधिकारियों से मिलकर वार्ता की। इस दौरान चैंबर के पदाधिकारियों ने डीवीसी को चेताते हुए स्पष्ट कहा कि 24 घंटे के अंदर विद्युत कटौती बंद नहीं होने पर वे डीवीसी के मेनगेट पर ताला लगाकर अनिश्चितकालीन आंदोलन करेंगे। चैंबर अध्यक्ष विमल बुधिया ने कहा कि डीवीसी के द्वारा रामगढ़ जिला में 18 घंटे बिजली की कटौती किया जाना कहीं से उचित नहीं है यह केवल लोगों को परेशान करने के लिए डीवीसी ने यह कदम उठाया है। डीवीसी द्वारा विद्युत कटौती पर रोक नहीं लगाए जाने से चैंबर आम लोगों के सहयोग से आंदोलन को विवश होगी। जिसकी जिम्मेवारी डीवीसी प्रबंधन की होगी।

रामगढ़ में 18 घंटे बिजली कटौती शुरू, लाेगाें में निराशा

रामगढ़ | डीवीसी ने राज्य सरकार पर 5 हजार करोड़ रुपए का बकाया का आरोप लगाते हुए भीषण बिजली कटौती शुरू कर दिया है। इसके तहत बुधवार से प्रतिदिन 18 घंटे बिजली कटौती जारी है। इसे लेकर डीवीसी ने नया शेड्यूल जारी किया है। निर्धारित समय के अनुसार सुबह 3:10 से 5:10, 11:10 से 1:10 और शाम 7:10 से रात 9:10 तक बिजली रहेगी। शेष पूरे टाइम बिजली आपूर्ति ठप रहेगा। डीवीसी के भीषण बिजली कटौती से आम लोगों में रोष है। कांग्रेस जिला प्रवक्ता मुकेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के बकाया के कारण डीवीसी ने बिजली कटौती शुरू किया है। इसके बावजूद विधायक ममता देवी ने मुख्यमंत्री को मामले की जानकारी दी है। उन्होंने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। इस संबंध में डीवीसी कार्यपालक अभियंता राहुल रंजन ने कहा कि वरीय पदाधिकारियों के निर्देशानुसार बकाया को लेकर बिजली कटौती शुरू की गई है। यह उच्च स्तरीय मामला है, ऊपर से आदेश मिलने पर अनुपालन होगा। नया आदेश जारी होने तक पूर्व के अनुसार बिजली कटौती जारी रहेगी।

22 घंटे बिजली दे सरकार, नहीं तो आंदोलन ः राजेश

रामगढ़ | भाजपा युवा नेता राजेश ठाकुर ने बयान जारी कर बिजली कटौती पर रोष व्यक्त किया है । उन्होंने कहा है कि त्योहार पर बिजली कटौती किए जाने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा । बिजली कटौती से त्राहिमाम की स्थिति उत्पन्न हो गई है । यह बिजली कटौती से गर्मी में लोग बेहाल हो जाएंगे । बिजली जैसी बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने में हेमंत सरकार की विफलता है। डीवीसी भी मनमानी कर रही है। पहले की तरह 22 घंटे की बिजली व्यवस्था बहाल करने को लेकर जल्द ही आन्दोलन कर सड़क पर उतरेंगे।

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कार्यपालक अभियंता को सौंपा ज्ञापन

डीवीसी बिजली आपूर्ति कमांड एरिया झारखंड के सात जिला हजारीबाग , चतरा ,कोडरमा, रामगढ़ ,बोकारो ,धनबाद और गिरिडीह में प्रतिदिन 18 घंटा बिजली कटौती की घोषणा का भाजयुमो नेताओं ने विरोध जताया है। भाजपा नेता रंजन सिंह छोटन, भाजयुमो नगर अध्यक्ष नीरज प्रताप सिंह और साहू समाज के अध्यक्ष नंदकिशोर प्रसाद उर्फ नंदू गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को कार्यपालक पदाधिकारी सोनाराम सोरेन और डीवीसी के कार्यपालक पदाधिकारी से मिलकर बिजली कटौती पर विरोध दर्ज किया। नेताओं ने राज्य सरकार से जल्द से जल्द इस समस्या के निवारण की मांग की। उन्होंने कहा कि जब आम आम जनता से बिजली विभाग के द्वारा हर महीने मीटर के हिसाब से बिल लिए जाते हैं। तो बिजली विभाग उक्त पैसे को डीवीसी को क्यों नहीं देती थी। नीरज प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान में जिस तरह से क्षेत्र में बिजली कटौती हो रहा है उससे आम जनजीवन एवं छात्र छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से अमित सिन्हा, मनोज कुमार मंडल, विशाल शर्मा, सत्यजीत चौधरी, राहुल शर्मा, महेंद्र कुमार, धीरज साहू शामिल थे।

विद्युत कार्यपालक अभियंता को ज्ञापन सौंपते भाजयुमो नेता व कार्यकर्ता।
खबरें और भी हैं...