रांची. राजधानी रांची सहित धुर्वा में बन रहे स्मार्ट सिटी टाउनशिप को पुणे मॉडल पर विकसित किया जाएगा। जिस तरह पुणे में एरिया बेस्ड डेवलपमेंट का प्लान बनाकर पूरा किया गया है, उसी तरह एरिया बेस्ड डेवलपमेंट स्मार्ट सिटी टाउनशिप और पैन सिटी में किया जाएगा। जलापूर्ति पाइपलाइन, केबल, सीवरेज, गैस पाइपलाइन, बिजली आदि की अंडरग्राउंड व्यवस्था होगी। एक ही डक में यह सभी व्यवस्था रहेगी। सिस्टमैटिक तरीके से इस पर काम होगा।
1) एक ही कंपनी को दिए जाएंगे सारे काम
एक ही कंपनी को सारे काम दिए जाएंगे, ताकि अलग-अलग जगह पर गड्ढा खोदकर काम की शुरुआत ना हो। इसके लिए इंफ्रास्ट्रक्चर वर्क की पैकेजिंग की जाएगी, ताकि भविष्य में सड़कों के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ न हो। शहरों के 50 वर्षों के बाद की आबादी को केंद्र में रखकर शहरी विकास का खाका तैयार किया जाए। ये बातें नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अजय कुमार सिंह ने कही। वह स्मार्ट सिटी की चुनौतियों और संभावनाओं पर होटल रेडिशन ब्लू में आयोजित दो दिवसीय इंडो-जर्मन वर्कशाप के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हाइडलवर्ग विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डॉ. राड़ू, आईएमपीआरआई की सीईओ सिम्मी मेहता सहित देश भर के अन्य संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
नगर विकास एवं आवास मंत्री सीपी सिंह ने कहा कि रांची को हर स्तर पर स्मार्ट बनाने की दिशा में सरकार कड़ी मेहनत कर रही है। कोशिश होगी स्मार्ट शहर के राष्ट्रीय बेंचमार्क को छूने की है। इस कार्य में विभाग, जुडको और स्मार्ट सिटी काॅरपोरेशन मिलाकर चल रहा है। रांची को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपनों का शहर बनाया जाएगा। शहर के समेकित विकास के लिए हर सेक्टर का सहयोग लिया जाएगा। कार्यशाला में उभरकर आने वाले विचार इस कार्य में पथ प्रदर्शक साबित होंगे।
हाइडलवर्ग विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि डाॅ. राडू कैरस्यूमारू ने कहा कि अब तक 14 सिटी में वर्कशाॅप हो चुके हैं। सिटी को स्मार्ट बनाने में जुड़े सभी सेक्टरों की राय को समाहित कर केंद्र और संबंधित राज्यों की सरकार को इसकी रिपोर्ट सौंपी जाएगी। रिसर्च एंड इंफार्मेशन सेंटर दिल्ली के प्रो. अमिताभ कुंडू ने कहा कि स्वास्थ्य में झारखंड अन्य राज्यों से बेहतर कर रहा है।
मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि स्मार्ट सिटी रांची की यूएसपी होगी। यहां पर्यावरण का खास ध्यान रखा जाए। कार्बन फ्री जोन हो। उन्होंने स्टेक होल्डर के साथ समन्वय बनाकर इसे मॉडल स्मार्ट सिटी का स्वरूप देने का टास्क अफसरों को सौंपा।
रांची स्मार्ट सिटी काॅरपोरेशन के सीईओ आशीष सिंहमार ने स्मार्ट शहर के राष्ट्रीय बेंचमार्क पर रांची को खरा उतारने का संकल्प दोहराया। डाॅ. संदीप छाछड़, डाॅ. रूमी एजाज, सिम्मी मेहता ने भी वर्कशाप में अपनी बातें रखीं।
वर्कशॉप में ऑक्सफोर्ड स्कूल के बच्चों ने शहरी विकास का मॉडल पेश किया। जिसमें पर्यावरण, शहरी परिवहन, ड्रेनेज आदि दिखाया। बच्चों ने स्मार्ट सिटी में सिंगल पिलर पर मेट्रो ट्रेन, स्मार्ट हॉस्पिटल, पार्क, कन्वेंशन सेंटर आिद का मॉडल प्रस्तुत किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.