पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता शिबू सोरेन को भी निर्विरोध नहीं जीतने दिया। उन्हें भी चुनाव में फंसा दिया। उपयुक्त आंकड़े नहीं होने के बाद भी कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी उतार दिया है। शाहनवाज ने दावा किया कि भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी दीपक प्रकाश की जीत तय है। बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में शाहनवाज ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में भाजपा वहां चुनाव लड़ेगी। शाहनवाज ने 200 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को शाहनवाज हुसैन प्रेसवार्ता के दौरान ये बातें कही।
शाहनवाज ने कहा कि भारतीय मुसलमानों को हिंदू से अच्छा दोस्त, भारत से अच्छा देश और मोदी से अच्छा नेता नहीं मिलेगा। सीएए नागरिकता देने वाला कानून है, नागरिकता लेने वाला नहीं। इस तथ्य को कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने भी सदन में स्वीकार किया है। योगेंद्र यादव ने भी डिबेट में इसे माना है। ऐसे में किसी भी भारतीय मुसलमान को इससे डरने की जरूरत नहीं। वे यहीं के हैं और यही रहेंगे। परंतु बांग्लादेशी घुसपैठियों के लिए भारत में कोई जगह नहीं। उन्हें वापस जाना होगा और भारत में पुन: आने के लिए वैध कागजात के जरिए प्रवेश करना होगा।
शाहनवाज ने सवाल किया कि क्या वीजा की अवधि समाप्त होने पर सउदी अरब या कोई मुस्लिम कंट्री भारतीय मुसलमानों को अपने यहां रहने देगा। अगर मजहब एक है तो फिर क्यों मुस्लिम देश आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि धर्म एक निजी मामला है, इसे राष्ट्रीयता से नहीं जोड़ना चाहिए। सीएए और एनसीआर के विरोध में विभिन्न शहरों में धरने पर बैठी महिलाओं से शाहनवाज ने आग्रह किया कि वे सेहत का ख्याल रखें। कोरोना वायरस से बचें, उन्होंने विशेष लहजे में कहा, धरना ‘करो ना’।
उन्होंने कहा कि एनपीआर जनगणना के पूर्व की सामान्य प्रक्रिया है, जबकि एनआरसी की किसी स्तर पर कोई चर्चा ही नहीं। शाहनवाज ने आरोप लगाया कि अफवाह फैलाने वाले लोगों के इशारे पर विभिन्न शहरों में यह धरना जारी है। इस क्रम में पीएफआई और आईएसआईएस के लोग पकड़े गए हैं। प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष सोना खान भी उपस्थित रहे।
एमपी में बनाएंगे सरकार, झारखंड के कांग्रेस विधायक भी पार्टी से नाराज
राहुल गांधी पर तंज करते हुए शाहनवाज ने कहा कि अब तो कांग्रेस के युवा नेताओं को भी राहुल गांधी पर विश्वास नहीं रहा। कांग्रेसियों को यह समझ में आ गया है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में न तो उनका और न ही देश का भला होने वाला है। कांग्रेस की दुर्दशा के लिए खुद कांग्रेस और राहुल गांधी जिम्मेवार हैं। इसकी दशा डूबते हुए जहाज की तरह हो गई है, जिस पर सवार लोग अपनी जान बचाने के लिए कूद कर भाग रहे हैं। मध्यप्रदेश में भी यही हुआ। भाजपा वहां पर सरकार बनाने जा रही है। झारखंड भी इससे अछूता नहीं। यहां भी कांग्रेस विधायक पार्टी से नाराज हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया राज्यसभा में पहली बार भाजपा सदस्य के रूप मे जाएंगे।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.