पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंरांची. मध्यप्रदेश के सियासी संकट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। लेकिन झारखंड में ऐसा संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि ये उदाहरण पहला नहीं, ऐसे कई उदाहरण देश को देखने को मिले हैं जिसमें भाजपा मुख्य रोल अदा करती है। जो पार्टी सूचिता की बात करती हो, वहीं पार्टी इस तरीके के चीजों को आगे बढ़ा रही है जिससे आप अंदाजा लगा सकते हैं कि आज राजनीति का स्तर किस ओर जा रहा है।
इस सवाल पर कि भाजपा मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र होते हुए झारखंड में भी सरकार गिराने की कोशिश करेगी। सोशल मीडिया पर इस तरह की चीजें अा रही है। हेमंत सोरेन ने कहा कि भाजपा जिस तरीके से सत्ता का दुरुपयोग करती है, राजनीतिक हथकंडों को अपनाती है, उसकी उन्हें भी समझ है। उन्होंने कहा कि झारखंड में अाने तो दीजिए, यहां उसे कुछ और दृश्य देखने को मिलेगा। भाजपा की हर गतिविधि पर उनकी नजर है।
वहीं नामांकन के दौरान मौजूद कांग्रेस के विधायक सह झारखंड सरकार के मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया कुछ ऐसा करेंगे, इसका उन्हें कभी अंदाजा भी नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दरवाजे अभी भी सिंधिया के लिए खुले हैं।
हेमंत सोरेन राज्यसभा चुनाव के लिए शिबू सोरेन के नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मध्यप्रदेश के सियासी संकट पर अपनी प्रतिक्रिया दी। झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन के नामांकन के दौरान हेमंत सोरेन ने कहा कि शिबू सोरेन की जीत तय है। दूसरी सीट पर हमारी नजर है। उन्होंने कहा कि भाजपा के हर कदम पर नजर है। जल्द ही गठबंधन की ओर से दूसरे उम्मीदवार की भी घोषणा कर दी जाएगी। उन्होंने भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी के सवाल पर कहा कि भाजपा चुनाव लड़ेगी भी या नहीं, ये भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।










Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.