पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
रांची. बिरसा जैविक उद्यान ओरमांझी में 21 वर्षों तक आकर्षण का केंद्र रहे सम्राट नाम के हाथी की गुरुवार को मौत हो गई। सम्राट के शव का पोस्टमार्टम कराकर उद्यान परिसर में ही दफना दिया गया। सम्राट को वर्ष 1998 में चाईबासा के जंगल से जैविक उद्यान लाया गया था तब उसकी उम्र मात्र तीन माह थी। सम्राट को जैविक उद्यान कर्मियों ने बोतल का दूध पिलाकर पाला था। सम्राट चाईबासा के जंगल में हाथियों के झुंड से बिछड़ गया था।
सम्राट की मौत के संबंध में जैविक उद्यान के निदेशक वेंकटेश्वरलू ने बताया कि बुधवार तक सम्राट बिल्कुल स्वस्थ था। गुरुवार को सुबह लगभग दस बजे सूचना मिली कि सम्राट खाना नहीं खा रहा है। सूचना मिलने के साथ ही उद्यान के चिकित्सक डॉक्टर अजय कुमार ने सम्राट का इलाज शुरू कर दिया। गुवाहाटी जू के चिकित्सक पद्मश्री डॉक्टर केके शर्मा से बातचीत कर उसे कुछ दवाइयां भी दी गई। लेकिन सम्राट को बचाया नहीं जा सका और लगभग 1:30 बजे दोपहर उसने दम तोड़ दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सम्राट की मौत के कारणों का पता चल पाएगा।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.